ऑस्ट्रेलिया ने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इंग्लैंड को हराया, मुकाबले में ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने शनिवार को खेले गए 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में मेहमान इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 3 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही कंगारू टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम ने 187/9 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में मेजबान टीम ने आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए मुकाबले में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
ऐसा रहा रोमांचक मुकाबला
इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी करते हुए 13 रन पर ही 2 अहम झटके लग गए थे।
इसके बाद टीम ने ब्रूक (65), टॉम बेंटन (39) और विकेटकीपर जॉर्डन कॉक्स (27) की पारियों से 187/9 का स्कोर खड़ा किया।
ऑस्ट्रेलिया से जैक एडवर्ड्स और निखिल चौधरी ने 2-2 विकट चटकाए।
जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने निखिल (66) के अर्धशतक, कप्तान मिचेल मार्श (37) और सैम हार्पर (32) की पारियों की मदद से 19.5 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
बल्लेबाजी
ब्रूक ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जड़ा पहला अर्धशतक
इंग्लैंड के लिए कप्तान ब्रूक ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 9वां और कंगारू टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 20 गेंदों में पूरा किया।
उन्होंने बेंटन के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 रन की अहम साझेदारी निभाकर टीम को संट से निकाला।
वह अपनी पारी में 28 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 6 छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले इंग्लिश बल्लेबाज
ब्रूक का यह अर्धशतक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भी इंग्लिश बल्लेबाज द्वारा जड़ गया सबसे तेज है।
उन्होंने पूर्व कप्तान जोस बटलर (22 गेंद, 2018) का रिकॉर्ड तोड़ा है।
इसी तरह ब्रूक की यह पारी मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर खेले गए टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है।
इस मैदान पर सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (19 गेंद, 2009) के नाम दर्ज है।
रिकॉर्ड
MCG मैदान पर इंग्लैंड का सर्वोच्च स्कोर
ब्रूक की विस्फोटक पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 187/9 का स्कोर खड़ा किया। यह मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड का सबसे बड़ा टी-20 स्कोर है।
इसके साथ ही इंग्लैंड ने इस मैदान पर किसी मेहमान टीम के सर्वोच्च स्कोर के मामले में भारतीय क्रिकेट टीम (186/5, 2022) को पीछे छोड़ दिया है।
इंग्लैंड ने पावरप्ले में 74/2 का स्कोर बनाया, जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में में इंग्लैंड का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है।
अर्धशतक
निखिल ने जड़ा पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक
ऑस्ट्रेलिया के लिए युवा बल्लेबाज निखिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली।
यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 32 गेंदों में पूरा किया।
वह 38 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 66 रन बनाकर आउट हुए।
उनका यह चौथा ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच रहा है। वह अब तक 3 पारियों में एक अर्धशत की बदौलत 80 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं।
चोटिल
ड्वारशुइस के शॉट से चोटिल हुए विल जैक्स
पारी के 19वें ओवर की चौथी गेंद पर बेन ड्वारशुइस ने सामने की ओर दनदनाता शॉट मारा, जिसे गेंदबाज विल जैक्स ने पकड़ने का प्रयास किया।
गेंद जैक्स के हाथों से टकराकर गिर गई। इस दौरान जैक्स की अंगुलियों के बीच की त्वचा फट गई और उन्हें हाथों से तेजी से खून बहने लगा।
इसके बाद फीजियों ने मौके पर पहुंचकर उनकी पट्टी की, लेकिन वह दर्द से करहा रहे थे। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा।