एशियाई खेल 2026: श्रीलंका ने बांग्लादेश को हराकर जीता कांस्य पदक, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
एशियाई खेल 2026 के पुरुष क्रिकेट स्पर्धा में श्रीलंका क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम को 63 रनों से हराकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। तीसरे स्थान के लिए निशिन के कोरोओगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती झटकों से उबरकर 165/9 का स्कोर बनाया था। जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 102 रन बनाकर ढेर हो गई। आइए इस मुकाबले में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
श्रीलंका ने किस तरह जीता मुकाबला?
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। उसे महज 24 रनों पर 4 झटके लग गए थे।
इसके बाद थरिंदु रत्नायाके (65) और सहान अराचिगे (33) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को 165/9 तक पहुंचा दिया।
बांग्लादेश से मेहदी हसन, सैफ हसन और मुस्तफिजुर रहमान ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम श्रीलंकाई गेंदबाजों के सामूहिक प्रयास के आगे 17.3 ओवर में 102 रन पर ढेर हो गई।
बल्लेबाजी
रत्नायाके ने जड़ा पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक
श्रीलंकाई ऑलराउंडर रत्नायाके ने विषम परिस्थितियों में टीम की बल्लेबाजी की कमान संभाली और बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को मुश्किल से निकाला।
यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला ही अर्धशतक रहा। उन्होंने अराचिगे के साथ छठे विकेट के लिए 44 गेंदों में 93 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती दी।
रत्नायाके के अब 4 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 19.25 की औसत से 77 रन हो गए हैं।
गेंदबाजी
कैसी रही श्रीलंका की गेंदबाजी?
मुकाबले में श्रीलंका के सभी गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और टीम को कांस्य पदक दिलाया।
टीम के लिए नुवान तुषारा ने 4 ओवर में 1 मेडन के साथ 18 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
इसी तरह थरिंदु रत्नायके ने 3 ओवर में 18 रन, विजयकांत वियासकांत ने 3 ओवर में 26 रन और वानुजा सहान ने 4 ओवर में 17 रन देकर 2-2 विकेट अपने नाम किए।
इसी तरह अराचिगे और दुशन हेमंथा ने भी एक-एक विकेट लिया।