एशियाई खेल: पाकिस्तानी टीम ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराया, पहली बार फाइनल में बनाई जगह
क्या है खबर?
एशियाई खेल 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हरा दिया। बारिश के कारण मुकाबला 13 ओवर का हो गया था। इस जीत के साथ पाकिस्तान की टीम एशियाई खेलों के फाइनल में पहुंच गई। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 111/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में पाकिस्तान ने 11.3 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
पाकिस्तान ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बांग्लादेश के लिए तौहीद हृदोय ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए।
उनके अलावा और कोई भी बल्लेबाज 20 रन भी नहीं बना पाया।
पाकिस्तान के लिए सुफयान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए।
जवाब में पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने छोटी-छोटी पारियां खेलकर अपनी टीम को जीत दिला दी।
अब्दूल समद के बल्ले से 30 रन निकले।
विकेट
पाकिस्तान के गेंदबाजों ने किया अच्छा प्रदर्शन
पाकिस्तान की ओर से सुफयान मुकिम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 3 ओवर में 26 रन देते हुए 3 विकेट लिए।
अराफात मिन्हास के खाते में 2 विकेट गए। उन्होंने अपने 3 ओवर में 7.70 की इकॉनमी रेट के साथ 23 रन दिए।
सैम अयूब ने भी किफायती गेंदबाजी की। इस स्पिनर ने अपने 2 ओवर में 3 रन देते हुए एक सफलता हासिल की।
मोहम्मद वसीम जूनियर कोई विकेट नहीं ले सके।
जानकारी
स्वर्ण पदक के लिए भिड़ेगी पाकिस्तानी टीम
अब पाकिस्तानी टीम स्वर्ण पदक के लिए अपनी चुनौती पेश करेगी। भारत और श्रीलंका की विजेता (दूसरा सेमीफाइनल) टीम के साथ पाकिस्तानी टीम 3 अक्टूबर को फाइनल में खेलेगी।
बल्लेबाजी
ऐसी रही पाकिस्तान की बल्लेबाजी
पाकिस्तान की जीत में हसन नवाज और अब्दुल समद की अहम भूमिका रही।
नवाज 22 गेंदों में 27 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 2 चौके और 2 ही छक्के भी लगाए। समद ने 15 गेंदों में 5 चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन की पारी खेली।
इस जोड़ी ने 5वें विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की।
पाकिस्तान कप्तान साहिबजादा फरहान सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए।
पदक
पहली बार एशियाई खेल के फाइनल में पहुंची पाकिस्तानी टीम
पाकिस्तान ने पहली बार एशियाई खेलों के फाइनल में जगह बनाई है।
2023 में खेले गए पिछले संस्करण में पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल में हार गई थी। तब अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को सेमीफाइनल मैच में शिकस्त दी थी।
इसके बाद कांस्य पदक के लिए हुए मैच में भी उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
बता दें कि 2010 में पाकिस्तान ने कांस्य पदक जीता था।