एशियाई खेल 2026: भारत बनाम श्रीलंका सेमीफाइनल मुकाबले का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
एशियाई खेल 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम अपना सेमीफाइनल मुकाबला 1 अक्टूबर (गुरुवार) को खेलेगी। सेमीफाइनल-2 में भारतीय टीम का सामना श्रीलंका क्रिकेट टीम से होगा। दोनों टीमों के लिए ये मुकाबला करो या मरो वाला रहेगा। सहन अराचिगे श्रीलंका टीम के कप्तान होंगे। वहीं, भारतीय टीम की कमान श्रेयस अय्यर संभालेंगे। दोनों टीमों के क्वार्टर-फाइनल मुकाबले बारिश के कारण रद्द रहे थे। ऐसे मे आइए मैच के प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण बातों पर एक नजर डाल लेते हैं।
हेड-टू-हेड
श्रीलंका के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
टी-20 क्रिकेट के इतिहास में दोनों टीमों के बीच 33 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 23 मुकाबलों में जीत मिली है।
श्रीलंका सिर्फ 9 मुकाबले ही जीत पाई है। एक मैच में कोई नतीजा नहीं निकला है।
दोनों टीमों के बीच खेले गए आखिरी 2 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच सुपर ओवर में गए हैं। दोनों मैच को भारतीय टीम ने सुपर ओवर में जीता है।
श्रीलंका ने भारत के खिलाफ आखिरी जीत 2023 में हासिल की थी।
प्लेइंग इलेवन
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है भारतीय टीम
जापान के खिलाफ हुए आखिरी टी-20 मैच में टीम के बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए थे। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस मैच में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। वहीं, वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलना मुश्किल लग रहा है।
संभावित प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह।
संयोजन
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है श्रीलंका की टीम
श्रीलंका के पास युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा संयोजन है। ऐसे में टीम भारत को कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेगी।
बल्लेबाजी में अनुभवी निरोशन डिकवेला पर बड़ी पारी की जिम्मेदारी होगी, जबकि गेंदबाजी में नुवान तुषारा श्रीलंकाई आक्रमण की अगुआई करते नजर आ सकते हैं।
संभावित प्लेइंग इलेवन: लसिथ क्रॉस्पुल, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), नुवानिदु फर्नांडो, अशेन बंडारा, सहन अराचिगे (कप्तान), चमिका करुणारत्ने, दुशन हेमंथा, विजयकांत व्यासकांत, वानुजा सहान, बिनुरा फर्नांडो और नुवान तुषारा।
पिच रिपोर्ट
कैसा रहेगा पिच का मिजाज?
कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क की पिच पर बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों को मदद मिलने की उम्मीद है।
यहां इस्तेमाल की गई हाइब्रिड पिच में स्थानीय मिट्टी का उपयोग हुआ है, जिससे तेज गेंदबाजों को अच्छा उछाल और स्पिनरों को गेंद पर ग्रिप मिल सकती है।
मैदान की सबसे छोटी बाउंड्री 65 मीटर है।
शुरुआती टी-20 मुकाबलों में यहां बड़े स्कोर भी बने हैं, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेगी।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, एक अक्टूबर को निस्शिन आइची में मौसम के साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश की संभावना महज एक प्रतिशत है। ऐसे में पूरा मैच हो सकता है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
ईशान के बल्ले से पिछले 10 मैचों में 34.56 की औसत से 311 रन निकले हैं।
अभिषेक ने पिछले 10 मैचों में 26.9 की औसत और 203.78 की स्ट्राइक रेट से 269 रन बनाए हैं।
बिश्नोई ने पिछले 6 मैच में 7 विकेट चटकाए हैं। अर्शदीप के नाम पिछले 5 मैच में 6 विकेट है।
वहीं, श्रीलंका के खिलाड़ियों का पिछले मुकाबलों में कुछ खास प्रदर्शन नहीं रहा है। ऐसे में वह अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और श्रीलंका के बीच ये मुकाबला 1 अक्टूबर को निस्शिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से शुरू होगा। भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर इसका सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।