Loading...
एशियाई खेल 2026: BCCI ने भारतीय क्रिकेट टीमों के ठहरने की व्यवस्था पर लगाई मुहर
एशियाई खेल 2026 में आयोजको द्वारा निर्धारित होटलों में ही रुकेंगी भारतीय टीमें

एशियाई खेल 2026: BCCI ने भारतीय क्रिकेट टीमों के ठहरने की व्यवस्था पर लगाई मुहर

Sep 09, 2026
06:32 pm

क्या है खबर?

जापान में होने वाले आगामी एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम (पुरुष और महिला) के ठहरने की व्यवस्था को लेकर चल रहा विवाद पूरी तरह खत्म हो गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्पष्ट किया है कि पुरुष और महिला दोनों टीमें आयोजन समिति द्वारा निर्धारित आधिकारिक आवासों में ही ठहरेंगी। बोर्ड और खिलाड़ी आयोजकों की व्यवस्थाओं से पूरी तरह संतुष्ट है। यह घोषणा BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने की है।

बयान

बोर्ड रख रहा है व्यवस्थाओं पर नजर - शुक्ला

शुक्ला ने PTI से कहा कि BCCI खिलाड़ियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए उपलब्ध कराए गए आवास पर कड़ी नजर रख रहा है।

उन्होंने कहा, "आयोजक जो भी व्यवस्था कर रहे हैं, हम वहीं ठहर रहे हैं और इस बात पर नजर रख रहे हैं कि हमारे खिलाड़ियों के आराम के लिए किस तरह की आवास व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, ये पांच सितारा होटल नहीं हैं, लेकिन खिलाड़ियों के लिए अच्छी सुविधाएं प्रदान करते हैं।"

परेशानी

नागोया में उच्च श्रेणी के होटलों की है कमी

नागोया में उच्च श्रेणी के होटलों की कमी के कारण क्रिकेटरों के आवास की समस्या उत्पन्न हुई।

शुक्ला ने कहा, "समस्या यह थी कि नागोया में ज्यादा होटल नहीं थे। टोक्यो बुलेट ट्रेन से डेढ़ घंटे की दूरी पर है और ओसाका भी उतनी ही दूरी पर है।"

उन्होंने कहा कि अगर कुछ टीमें टोक्यो में रहें और अन्य ओसाका में रहें तो यह अच्छा नहीं लगेगा, इसलिए खिलाड़ियों के लिए नागोया होटल में ठहराने का निर्णय लिया है।

ADVERTISEMENT

समाधान

मैदान पर मौजूद सुविधाओं की समस्या का कर दिया गया है समाधान

शुक्ला ने एशियाई खेलों में खेल की स्थितियों और ड्रेसिंग रूम से BCCI की नाखुशी की पहले की खबरों पर भी बात की।

उन्होंने कहा, "सबसे बड़ी समस्या मैदान, विकेट और ड्रेसिंग रूम की थी। आयोजकों ने उन समस्याओं का समाधान कर दिया है।"

शिकायत के बाद एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर इन सुविधाओं का जायजा लिया था और उन्हें ठीक करा दिया। अब खिलाड़ी उनकी स्थिति से संतुष्ट हैं।

ADVERTISEMENT

राहत

हर खिलाड़ी के लिए होगा अलग कमरा

शुक्ला ने खुलासा किया कि क्रिकेटरों के रहने की व्यवस्था भारतीय ओलंपिक संघ (IOA), एशियाई खेल आयोजन समिति और जापान क्रिकेट संघ द्वारा की गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि खिलाड़ी एक ही कमरे में 2 लोगों के साथ रहने के बजाय अलग-अलग कमरों में रहेंगे।

भारत ने पुरुष और महिला दोनों स्पर्धाओं के लिए पूरी ताकत वाली टीमों की घोषणा कर दी है, जिसमें श्रेयस अय्यर पुरुष टीम की कप्तानी करेंगे और हरमनप्रीत कौर महिला टीम की कप्तानी करेंगी।

ADVERTISEMENT