एशिया कप 2026: भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश को हराते हुए फाइनल में बनाई जगह
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल मैच में बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम को 40 रन से हराते हुए फाइनल में जगह बनाई। दुबई में खेले गए मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 149/6 का स्कोर बनाया, जिसमें शफाली वर्मा का अर्धशतक शामिल रहा। जवाब में बांग्लादेश की टीम पूरे ओवर खेलने के बावजूद 109/7 का स्कोर ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती भारतीय टीम
भारत से स्मृति मंधाना (2) के आउट होने के बाद प्रतिका रावल (20) और शफाली (64) ने पारी को संभाला।
इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर 24 रन (28 गेंद) और ऋचा घोष 21 रन (16 गेंद) ने टीम का स्कोर 150 के करीब पहुंचाया।
जवाब में बांग्लादेश ने पावरप्ले के बाद 26/1 का स्कोर बनाया। इसके बाद भारतीय स्पिनरों के सामने बांग्लादेशी बल्लेबाज बेबस नजर आए। भारत से दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट लिए।
शफाली
शफाली वर्मा ने लगाया अपना 20वां अर्धशतक
शफाली को 6 और 11 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर 2 जीवनदान मिले, इसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया।
पारी के चौथे ओवर के दौरान सुल्ताना के खिलाफ उन्होंने लगातार 2 छक्के लगाए। उन्होंने 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
इसके बाद भी उन्हें 56 के स्कोर पर भी जीवनदान मिला। वह 40 गेंदों में 64 रन की पारी खेलकर आउट हुई।
अपनी इस अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए।
2026
इस साल सर्वाधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन वाली भारतीय बल्लेबाज बनी शफाली
अपनी इस पारी के दौरान शफाली 2026 में सर्वाधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन वाली भारतीय बल्लेबाज बनी।
उन्होंने इस साल अब तक 20 पारियों में 30.35 की औसत और 152.51 की स्ट्राइक रेट के साथ 607 रन बनाए हैं। शफाली ने मंधाना को पीछे छोड़ा है।
क्रिकइंफो के मुताबिक, मंधाना ने इस साल 18 पारियों में 34.70 की औसत के साथ 590 रन बनाए हैं। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत ने 18 पारियों में 40.75 की औसत से 489 रन बनाए हैं।
श्री चरणी
श्री चरणी ने पूरे किए अपने 50 टी-20 अंतरराष्ट्रीय विकेट
श्री चरणी ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 50 विकेट पूरे किए।
उन्होंने अपने 29वें मैच में ये आंकड़ा छूआ। क्रिकबज के मुताबिक, वह मैचों के लिहाज से दूसरे सबसे तेज 50 विकेट (संयुक्त रूप से) पूरी कर पाई हैं।
इस मामले में उनसे आगे सिर्फ चीन की और मेंगटिंग लियू है, जिन्होंने 28 मैचों में ये मुकाम हासिल किया था।
उनसे पहले ली कास्परेक (न्यूजीलैंड) और अनीसा मोहम्मद (वेस्टइंडीज) भी 29-29 मैचों में ऐसा कर चुकी हैं।
गेंदबाजी
दीप्ति ने लिए 3 विकेट
भारत से दीप्ति सबसे सफल गेंदबाज रही। उन्होंने अपने 4 ओवर में 26 रन देते हुए 3 विकेट लिए।
श्री चरणी बेहद किफायती रही। बाएं हाथ की इस स्पिनर ने अपने 4 ओवर में 14 रन देते हुए एक सफलता हासिल की। उन्होंने एक ओवर मेडेन भी किया।
शफाली ने अपने 4 ओवर में 25 रन दिए और कोई विकेट नहीं ले सकी।
तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने 2 विकेट लिए।