
एशिया कप 2025: फखर जमान ने UAE के खिलाफ लगाया अर्धशतक, 8,000 टी-20 रन पूरे किए
क्या है खबर?
एशिया कप 2025 के 10वें मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के फखर जमान ने UAE क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में अर्धशतकीय पारी (50) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां अर्धशतक साबित हुआ। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने टी-20 क्रिकेट करियर में अपने 8,000 रन भी पूरे किए। फखर के अर्धशतक की मदद से पाकिस्तान ने 146/9 का स्कोर बनाया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही फखर जमान की पारी
पाकिस्तान ने जब 3 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया था, तब फखर क्रीज पर आए। उन्होंने पारी का 5वां ओवर करने आए ध्रुव पाराशर के खिलाफ लगातार 2 छक्के लगाए। उन्होंने कप्तान सलमान आगा के साथ मिलकर 61 रन की साझेदारी भी निभाई। तेजी से बल्लेबाजी करने वाले फखर ने 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 36 गेंदों में 2 चौकों और 3 छक्के की बदौलत 50 रन बनाकर आउट हुए।
आंकड़े
फखर ने पूरे किए अपने 8,000 टी-20 रन
बाएं हाथ के बल्लेबाज फखर ने मार्च 2013 में अपना टी-20 डेब्यू किया था। उन्होंने 8,000 रन पूरे करने के लिए 293 मैचों का सहारा लिया। इस प्रारूप में उनकी औसत लगभग 30 और उनकी स्ट्राइक रेट 134 से अधिक है। इस बीच उनके बल्ले से 3 शतक और 55 अर्धशतक निकले हैं, जिसमें 115 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।
करियर
UAE के खिलाफ लगाया दूसरा अर्धशतक
फखर ने UAE के खिलाफ अब तक 3 मैच खेले हैं, जिसमें 2 अर्धशतकों की मदद से 133 रन बनाए हैं। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 105 मैच खेले हैं, जिसकी 97 पारियों में उन्होंने 23.84 की औसत और 132.32 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,194 रन बनाए हैं। उन्होंने 91 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 13 अर्धशतक लगाए हैं। वह पाकिस्तान से 5वें सर्वाधिक रन बनाने वाले हैं।