LOADING...
एशिया कप 2023: श्रेयस अय्यर कैसे हैं नंबर-4 पर भारत के लिए सबसे बेहतरीन विकल्प?
श्रेयस अय्यर एशिया कप में भारतीय टीम का हिस्सा हैं (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

एशिया कप 2023: श्रेयस अय्यर कैसे हैं नंबर-4 पर भारत के लिए सबसे बेहतरीन विकल्प?

Aug 22, 2023
12:17 pm

क्या है खबर?

एशिया कप क्रिकेट का आगाज 30 अगस्त से होने वाला है। इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। लगभग 8 महीने के बाद श्रेयस अय्यर की वापसी हुई है। चोटिल होने कारण अय्यर भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे। उनकी वापसी से टीम का मध्यक्रम काफी मजबूत हुआ है। अय्यर की वापसी से नंबर-4 पर बल्लेबाजी की समस्या भी दूर हो गई है। आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

आंकड़े

नंबर-4 पर सबसे बेहतरी विकल्प क्यों हैं अय्यर?

वनडे क्रिकेट में नंबर-4 पर इस खिलाड़ी ने 20 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 47.35 की उम्दा औसत के साथ 805 रन बनाए हैं। नंबर-4 पर खेलते हुए उन्होंने 113 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ 2 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। वह 3 बार नाबाद भी रहे हैं। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद अय्यर पहले संभल कर खेलते हैं और आखिरी ओवरों में तेज बल्लेबाजी करते हैं। इसलिए नंबर-4 पर उनके आंकड़े इतने शानदार हैं।

रन

2022 में भारत के लिए बनाए सबसे ज्यादा रन 

अय्यर ने साल 2022 में भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने 17 मुकाबलों में 55.69 की उम्दा औसत के साथ 724 रन बनाए थे। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 91.52 की रही थी। 113 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ उन्होंने 1 शतक और 6 अर्धशतक लगाए थे। इस साल अय्यर को सिर्फ 3 वनडे मैच खेलने का मौका मिला है। इस दौरान वह 31.33 की औसत से 94 रन बनाने में कामयाब रहे हैं।

रिकॉर्ड

वनडे क्रिकेट में लगातार 4 अर्धशतक लगा चुके हैं अय्यर 

अय्यर ने साल 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार 4 पारियों में अर्धशतक लगाए थे। यह सिलसिला 11 अगस्त, 2019 से शुरू हुआ था। उन्होंने पहले मैच में 71 रन की पारी खेली। इसके बाद 65, 70 और 53 के स्कोर बनाए थे। अय्यर भारत के लिए वनडे में 5वें सबसे तेज 1,000 रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 28 मैच में यह कारनामा किया था। भारत के लिए सबसे तेज 1,000 रन शुभमन गिल (19 मैच) ने बनाए हैं।

करियर

अय्यर के वनडे करियर पर एक नजर 

अय्यर ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला 15 जनवरी, 2023 को श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। भारत के लिए इस खिलाड़ी ने अब तक 42 वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 46.60 की औसत के साथ 1,631 रन बनाए हैं। उन्होंने 96.50 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। 113 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ अय्यर ने 2 शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं। वह 3 बार वनडे क्रिकेट में नाबाद भी रहे हैं।