
एशिया कप 2022: चोटिल मोहम्मद वसीम टूर्नामेंट से बाहर हुए, हसन अली को मिला मौका
क्या है खबर?
एशिया कप 2022 की शुरुआत से ठीक पहले पाकिस्तान को झटका लगा है। तेज गेंदबाज मोहम्मद वसीम चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनके स्थान पर हसन अली को शामिल कर लिया गया है।
बता दें वसीम हाल ही में अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए थे और शाहीन अफरीदी के बाद पाकिस्तानी टीम से बाहर होने वाले दूसरे तेज गेंदबाज बन गए हैं।
इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
फॉर्म
खराब फॉर्म में चल रहे हैं हसन
हसन अली का फॉर्म पिछले कुछ समय से खराब चल रहा है। उन्हें नीदरलैंड दौरे के लिए भी नहीं चुना गया था। इसके बाद जब एशिया कप के लिए टीम घोषित हुई, तब भी उनके ऊपर नसीम शाह को तरजीह दी गई थी।
हालांकि, वसीम के चोटिल होने के बाद एक बार फिर उनकी टीम में वापसी हुई है। बता दें पाकिस्तानी दल में हारिस रऊफ, शाहनवाज दहानी, हसन और नसीम तेज गेंदबाजी विकल्प हैं।
अपडेट
वसीम की चोट पर PCB ने दिया अपडेट
वसीम ने बीते गुरुवार को दुबई में ICC एकेडमी में एक नेट सत्र में गेंदबाजी करते समय पीठ दर्द की शिकायत की थी और उसके तुरंत बाद उन्हें स्कैन के लिए ले जाया गया था।
शुक्रवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपडेट दिया था कि उन्हें साइड स्ट्रेन का सामना करना पड़ा है। अब स्कैन के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि वह कम से कम तीन हफ्तों तक मैदान से दूर रहेंगे।
जानकारी
एशिया कप के लिए ऐसी है पाकिस्तान की टीम
पाकिस्तानी टीम: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उप-कप्तान), आसिफ अली, फखर जमान, हैदर अली, हारिस रउफ, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), हसन अली, नसीम शाह, मोहम्मद हसनैन, शाहनवाज दहानी, उस्मान कादिर।
कार्यक्रम
ऐसा है एशिया कप का कार्यक्रम
27 अगस्त: श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान, दुबई
28 अगस्त: भारत बनाम पाकिस्तान, दुबई
30 अगस्त: बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान, शारजाह
31 अगस्त: भारत बनाम हांगकांग, दुबई
1 सितंबर: श्रीलंका बनाम बांग्लादेश, दुबई
2 सितंबर: पाकिस्तान बनाम हांगकांग, शारजाह
3 सितम्बर: B1 बनाम B2, शारजाह
4 सितम्बर: A1 बनाम A2, दुबई
6 सितम्बर: A1 बनाम B1, दुबई
7 सितम्बर: A2 बनाम B2, दुबई
8 सितम्बर: A1 बनाम B2, दुबई
9 सितम्बर: B1 बनाम A2, दुबई
11 सितंबर: फाइनल, दुबई
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
पाकिस्तान सिर्फ दो बार (2000 और 2012 में) एशिया कप जीत सका है। इसके अलावा पाकिस्तान दो बार उपविजेता (1986 और 2014) भी रहा है। पिछले दो एशिया कप संस्करणों में पाकिस्तान ने निराश किया है और फाइनल में भी अपनी जगह नहीं बनाई थी।