मुंबई इंडियंस की हार के बाद रविचंद्रन अश्विन ने पंड्या की रणनीति पर उठाए सवाल
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 18 रन की हार के बाद पूर्व भारतीय गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने कप्तान हार्दिक पांड्या की रणनीति पर सवाल उठाए हैं। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में MI की गेंदबाजी और कप्तानी दोनों पर दबाव नजर आया और टीम को घर पर हार झेलनी पड़ी। अश्विन ने मयंक मार्कंडे को रजत पाटीदार के खिलाफ गेंदबाजी कराने के फैसले को गलत बताया।
बयान
अश्विन ने क्या कहा?
अश्विन ने पाटीदार की बल्लेबाजी का जिक्र करते हुए कहा, "यह आज का स्कोरकार्ड नहीं है, यह SRH बनाम RCB 2024 का मैच है, जहां रजत ने साबित किया था कि वह स्पिन के खिलाफ मजबूत बल्लेबाज हैं। उन्होंने मयंक मार्कंडे की जमकर पिटाई की थी।" अश्विन ने इसे "बहुत साधारण कप्तानी" करार दिया, क्योंकि मार्कंडे ने 2 ओवर में 40 रन दे दिए। मैच में पाटीदार ने मार्कंडे के एक ओवर में लगातार 3 छक्के जड़े थे।
मैच
कैसा रहा मैच?
RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मजबूत शुरुआत की। टीम ने कुल 240/4 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। MI ने रोहित शर्मा और रयान रिकेलटन की मदद से अच्छी शुरुआत की, लेकिन रोहित रिटायर्ड हर्ट हो गए। सूर्यकुमार यादव और पांड्या ने टीम को मुकाबले में बनाए रखा, वहीं अंत में शेरफेन रदरफोर्ड ने 31 गेंदों में नाबाद 71 रन बनाए। इसके बावजूद MI 222/5 तक ही पहुंच सकी और 18 रन से मैच हार गई।
जानकारी
पांड्या ने कही ये बात
लगातार तीसरी हार के बाद कप्तान पांड्या ने माना कि टीम को अपनी रणनीतियों पर दोबारा विचार करना होगा। उन्होंने माना कि टीम ने काफी ज्यादा रन दे दिए। पांड्या ने यह भी कहा कि टीम को पावरप्ले में बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान देना होगा।