Page Loader
पैट कमिंस का इंग्लैंड के प्रमुख बल्लेबाजों के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 
पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कप्तान हैं (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

पैट कमिंस का इंग्लैंड के प्रमुख बल्लेबाजों के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 

Jun 14, 2023
04:10 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच ऐतिहासिक एशेज सीरीज की शुरुआत 16 जून से होने जा रही है। इस बार ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की कमान तेज गेंदबाज पैट कमिंस के हाथों में है। उन्होंने हाल ही में अपने नेतृत्व में टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का खिताब जिताया है। इंग्लैंड के खिलाफ उनका प्रदर्शन भी कमाल का रहा है। ऐसे में आइए इंग्लैंड के प्रमुख बल्लेबाजों के खिलाफ उनके प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

#1

कमिंस बनाम जॉनी बेयरस्टो 

जॉनी बेयरस्टो और कमिंस के बीच 19 पारियों में आमना-सामना हुआ है। कमिंस ने इस दौरान 3 बार बेयरस्टो को आउट किया है। इंग्लैंड के इस धाकड़ बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के खिलाफ 121 रन बनाए हैं और उनकी औसत 40.33 की रही है। बेयरस्टो चोट के बाद वापसी कर रहे हैं। ऐसे में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। कमिंस भी इस समय शानदार फॉर्म में हैं और अब दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

#2

कमिंस बनाम जो रूट 

कमिंस और इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट का आमना-सामना 23 पारियों में हुआ है। इस दौरान उन्होंने 8 बार रूट को आउट किया है। रूट ने 23.75 की औसत से 190 रन बनाए हैं। कमिंस के खिलाफ इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एक भी छक्का नहीं लगा पाए हैं, लेकिन उन्होंने 22 चौके जरूर लगाए हैं। कमिंस के खिलाफ रूट अपने प्रदर्शन को बेहतर करना चाहेंगे। ऐसे में दोनों के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिल सकती है।

#3

कमिंस बनाम बेन स्टोक्स 

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और कमिंस का आमना-सामना 17 पारियों में हुआ है। उन्होंने 4 बार स्टोक्स को आउट किया है। इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर खिलाड़ी ने कमिंस के खिलाफ 33.75 की औसत से बल्लेबाजी की है और 135 रन बनाए हैं। कमिंस के खिलाफ स्टोक्स ने 2 छक्के लगाए हैं और उनके बल्ले से 20 चौके निकले हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 69.94 की रही है।

#4

कमिंस बनाम मोईन अली 

टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे इंग्लैंड के ऑलराउंडर खिलाड़ी मोईन अली और कमिंस के बीच 8 पारियों में आमना सामना हुआ है। इस दौरान कमिंस ने उन्हें 2 बार पवेलियन की राह दिखाई है। कमिंस के खिलाफ मोईन ने 17.50 की औसत से 35 रन ही बनाने में कामयाब रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 59.32 की रही है। मोईन ने कमिंस के खिलाफ 3 चौके लगाए हैं और उन्होंने 59 गेंदों का सामना किया है।

आंकड़ें

एशेज सीरीज में कैसा रहा है कमिंस का प्रदर्शन? 

कमिंस इंग्लैंड के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हैं। उन्होंने अब तक 14 टेस्ट मैच में 20.75 की शानदार औसत के साथ 73 विकेट झटके हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 43.9 की रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/38 का रहा है। उन्होंने 5 विकेट हॉल 1 बार लिया है। कमिंस ने 135 ओवर मेडन डाले हैं और उनके खिलाफ बल्लेबाजों ने 1,515 रन बनाए हैं। कमिंस ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहला टेस्ट मैच साल 2017 में खेला था।