
एशेज 2021-22: एडिलेड ओवल के मैदान के दिलचस्प आंकड़ों पर एक नजर
क्या है खबर?
एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें एडिलेड ओवल के मैदान में आमने-सामने होंगी। यह टेस्ट 16 दिसंबर से पिंक बाल से खेला जाएगा।
बता दें ऑस्ट्रेलिया की टीम पिंक बॉल टेस्ट में अब तक अजेय रही है और एडिलेड के मैदान पर कंगारू टीम का अच्छा प्रदर्शन रहा है। ऐसे में पहला टेस्ट हार चुकी इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ने की संभावना है।
इस बीच एडिलेड के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
एडिलेड में अच्छा रहा है ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड ओवल में अब तक 79 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें से 42 में उन्हें जीत मिली है। इसके अलावा 18 में उन्हें हार मिली है और 19 टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस मैदान पर पर 32 टेस्ट खेले है और 18 में जीत दर्ज की है। दूसरी तरफ इंग्लिश टीम नौ मैच जीतने में सफल रही है। वहीं पांच मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं।
आंकड़े
दोनों टीमों के आंकड़ों पर एक नजर
ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड में दो बार 600 से अधिक का स्कोर बनाया है।
भारत के खिलाफ 1948 में ऑस्ट्रेलिया ने यहां अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर (674) बनाया था।
1921 में इंग्लैंड के खिलाफ उनका सर्वोच्च स्कोर 582 है।
यहां इंग्लैंड का उच्चतम स्कोर 620/5 (पारी घोषित) है।
इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया का सबसे कम टीम स्कोर 82 है, जो उन्होंने वेस्टइंडीज (1951) के खिलाफ बनाया था।
दूसरी तरफ इंग्लैंड का एडिलेड ओवल में न्यूनतम स्कोर 124 है।
सर्वाधिक रन
पोंटिंग ने बनाए हैं सर्वाधिक रन
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने यहां एडिलेड ओवल में टेस्ट में सबसे अधिक रन (1,743) बनाए हैं।
उन्होंने 60.10 की औसत से छह शतक और छह अर्धशतक लगाए थे।
पोंटिंग ने इंग्लैंड के खिलाफ 52.71 की औसत से 369 रन बनाए थे।
एलन बॉर्डर (1,415) और माइकल क्लार्क (1,414) ने यहां 1,400 से अधिक रन बनाए हैं।
इंग्लैंड के लिए जॉन हॉब्स (601) यहां पर शीर्ष स्कोरर हैं।
सर्वाधिक विकेट
शेन वॉर्न ने लिए हैं सर्वाधिक विकेट
शेन वॉर्न ने एडिलेड में 30.44 की औसत से 56 विकेट लिए और यहां सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं।
वॉर्न ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों में 31.18 के औसत से 16 विकेट चटकाए थे। उनके बाद इस सूची में नाथन लियोन हैं, जिन्होंने 26.94 की औसत से 51 विकेट ले लिए हैं।
इंग्लैंड के लिए जॉन ब्रिग्स और जेम्स एंडरसन ने एडिलेड ओवल में 16-16 विकेट अपने नाम किए हैं।
रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं अपने सभी आठ डे-नाइट टेस्ट
डे-नाइट टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड शानदार रहा है और अब उन्होंने खेले अपने सभी आठ टेस्ट जीते हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड (दो बार), दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान (दो बार), इंग्लैंड, श्रीलंका और भारत को हराया है।
ऑस्ट्रेलिया ने अपने सभी डे-नाइट टेस्ट अपने घर में ही खेले हैं। उन्होंने अपना पिछला डे-नाइट टेस्ट दिसंबर 2020 में भारत के खिलाफ खेला था और उन्हें उनके न्यूनतम 36 के स्कोर पर ऑल आउट किया था।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
पोंटिंग और माइकल क्लार्क की 386 रन की साझेदारी एडिलेड के मैदान की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है। इस जोड़ी ने 2012 में भारत के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।