क्या रोहित शर्मा को लेकर BCCI और चयन समिति के बीच हैं मतभेद? सामने आई रिपोर्ट
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के शीर्ष अधिकारियों और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति के बीच आंतरिक मतभेद सामने आ गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रोहित को लगातार टीम में बनाए रखने के BCCI के फैसले से चयनकर्ता खुद को 'ठगा हुआ' महसूस कर रहे हैं। ऐसे में आइए इए पूरे मामले पर एक नजर डालते हैं।
विवाद
क्या है विवाद का मुख्य कारण?
पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे में रोहित के शतक लगाने से पहले ऐसी खबरें थीं कि यह उनका आखिरी मैच हो सकता है।
चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन ने रोहित को स्पष्ट कर दिया था कि वे वनडे विश्व कप 2027 की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं।
हालांकि, मैच से 2 दिन पहले BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने सार्वजनिक रूप से बयान दिया कि रोहित अभी भी टीम की भविष्य की योजनाओं में मजबूती से शामिल हैं।
नाराजगी
सैकिया के बयान से चयनकर्ताओं के बीच बढ़ी नाराजगी
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, सैकिया के बयान से चयन समिति और बोर्ड के आला अधिकारियों के बीच तनाव पैदा हो गया।
चयनकर्ताओं का मानना है कि सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के दबाव में आकर सैकिया ने अपना रुख बदल लिया, जिससे चयन समिति खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
कई चयनकर्ताओं का मानना है कि रोहित को वनडे विश्व कप टीम में शामिल करने से भारत का खिताब जीतना बेहद मुश्किल हो जाएगा।
संभावना
अगरकर की जगह लक्ष्मण को मिल सकती है कमान
इस आंतरिक टकराव का सीधा असर मुख्य चयनकर्ता अगरकर के कार्यकाल पर पड़ता दिख रहा है। उनका मूल अनुबंध जून 2026 में समाप्त हो रहा था, लेकिन उसे 3 महीने बढ़ा दिया गया था।
पहले उम्मीद थी कि उन्हें वनडे विश्व कप 2027 विस्तार मिलेगा, लेकिन अब समीकरण बदल चुके हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI का शीर्ष नेतृत्व अब अगरकर की जगह पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को नया मुख्य चयनकर्ता नियुक्त करने पर विचार कर रहा है।