LOADING...
अराफात मिन्हास ने डेब्यू वनडे में झटका 5 विकेट हॉल, ऐसा करने वाले पहले पाकिस्तानी
पाकिस्तान के स्पिनर अराफात मिन्हास (बाएं) ने डेब्यू वनडे में झटका 5 विकेट हॉल

अराफात मिन्हास ने डेब्यू वनडे में झटका 5 विकेट हॉल, ऐसा करने वाले पहले पाकिस्तानी

May 30, 2026
08:47 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के स्पिनर अराफात मिन्हास ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ रावलपिंडी में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। खास बात यह रही कि यह उनका डेब्यू मैच रहा। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत ही पाकिस्तान टीम ऑस्ट्रेलिया को 200 के कुल स्कोर पर ऑलआउट करने में सफल रही। आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़े जानते हैं।

गेंदबाजी

कैसी रही अराफात की गेंदबाजी?

अराफात ने पहले बल्लेबाजी करने उतरी कंगारू टीम को 62 रन के स्कोर पर जोश इंग्लिश (13) के रूप में दूसरा झटका देते हुए मैच में अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद भी उनकी शानदार गेंदबाजी जारी रही और उन्होंने मार्नस लाबुशेन (0), कैमरून ग्रीन (0), मैथ्यू शॉर्ट (55) और नाथन एलिस (8) को भी एक के बाद एक कर पवेलियन लौटा दिया। उन्होंने 10 ओवर में 1 मेडन के साथ 32 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।

रिकॉर्ड

डेब्यू वनडे में 5 विकेट लेने वाले पहले पाकिस्तानी

इस प्रदर्शन के साथ अराफात के नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। वह अपने डेब्यू वनडे मैच में 5 विकेट हॉल लेने वाले पहले पाकिस्तानी गेंदबाज बने हैं। कुल मिलाकर वह ऐसा करने वाले 16वें गेंदबाज हैं। डेब्यू वनडे में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के गेंदबाज चार्ली कैसल के नाम दर्ज, जिन्होंने 7/21 के आंकड़े दर्ज किए थे। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 6/16 के आंकड़े बनाए थे।

Advertisement

करियर

कैसा रहा है अराफात का क्रिकेट करियर?

अराफात ने पाकिस्तान के लिए अब तक केवल 4 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, जिनमें वह 15.50 की औसत और 5.16 की इकॉनमी से 4 विकेट लेने में सफल रहे हैं। इसी तरह उन्होंने पाकिस्तान के लिए 21 यूथ वनडे मैच खेले हैं, जिनमें 23.80 की औसत और 3.91 की इकॉनमी से 25 विकेट चटकाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6 रन देकर 3 विकेट लेने का रहा है। अब उन्होंने वनडे डेब्यू में भी शानदार प्रदर्शन किया है।

Advertisement