
एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025: ऋषभ पंत ने अपने नाम किए ये प्रमुख रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान चोट लगी और उनका एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 में सफर समाप्त हो गया। दरअसल, पंत के दाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया। उन्होंने इस बार इंग्लैंड दौरे पर कमाल का प्रदर्शन करते हुए शानदार पारियां खेलीं और इस बीच कुछ अहम रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। आइए उनके द्वारा इस सीरीज में बनाए रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।
आंकड़े
शानदार रहा पंत का प्रदर्शन
पंत ने इंग्लैंड दौरे पर 4 टेस्ट की 7 पारियों में 68.42 की उम्दा औसत के साथ 479 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 2 शतक और 3 अर्धशतक लगाए थे। उन्होंने सीरीज के पहले लीड्स टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने का कारनामा किया। इसके बाद उन्होंने लॉर्ड्स, एजबेस्टन और मैनचेस्टर टेस्ट में 1-1 अर्धशतक लगाए थे। पंत ने इस सीरीज में 17 छक्के और 49 चौके भी लगाए।
रिकॉर्ड्स
इंग्लैंड में सर्वाधिक रन वाले विकेटकीपर बने पंत
पंत इंग्लैंड में किसी द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए। पिछला रिकॉर्ड इंग्लैंड के एलेक स्टीवर्ट के नाम था, जिन्होंने 1998 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 465 रन बनाए थे। पंत अब किसी भारतीय विकेटकीपर द्वारा किसी टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर (5) बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी और फारुख इंजीनियर (4-4) को पीछे छोड़ दिया।
WTC
WTC में सर्वाधिक रन वाले भारतीय बल्लेबाज
पंत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के सभी चक्र को मिलाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। उन्होंने इस मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा। पंत के नाम WTC में अब 67 पारियों में 43.34 की औसत के साथ 2,731 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 6 शतक और 16 अर्धशतक लगाए। बता दें कि WTC में रोहित ने 69 पारियों में 41.15 की औसत से 2,716 रन बनाए थे।
छक्के
टेस्ट में संयुक्त रूप से सर्वाधिक छक्के वाले भारतीय
अपनी आक्रामकता के लिए मशहूर पंत के टेस्ट करियर में कुल 90 छक्के हो गए हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में छक्कों के मामले में पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की बराबरी की है। बता दें कि सहवाग ने 103 टेस्ट की 178 पारियों के बाद 90 छक्के लगाए थे। इस सूची में तीसरे स्थान पर रोहित (88) और चौथे स्थान पर महेंद्र सिंह धोनी (78) मौजूद हैं।
शतक
दोनों पारियों में शतक लगाने का किया कारनामा
पंत ने हेडिंग्ले में रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया था। उन्होंने पहली पारी में 134 रन और दूसरी पारी में 118 रन बनाए थे। उन्होंने भारतीय विकेटकीपरों में टेस्ट शतकों के मामले में धोनी (6) को पीछे छोड़ दिया। पंत एक टेस्ट में 2 शतक लगाने वाले 7वें भारतीय बने। वह ऐसा करने वाले केवल दूसरे नामित विकेटकीपर हैं। इससे पहले जिम्बाब्वे के एंडी फ्लावर ने यह उपलब्धि हासिल की थी।