Page Loader
न्यूजीलैंड की अमेलिया केर को मिला 'ICC महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2024' का खिताब
अमेलिया केर को 'ICC महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2024' चुना गया (तस्वीर: एक्स/@ICC)

न्यूजीलैंड की अमेलिया केर को मिला 'ICC महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2024' का खिताब

लेखन Manoj Panchal
संपादन भारत शर्मा
Jan 28, 2025
11:04 am

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी अमेलिया केर को 'ICC महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर' के लिए प्रतिष्ठित राचेल हेहो फ्लिंट ट्रॉफी का विजेता घोषित किया गया है। यह घोषणा इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा की गई है। केर ने महिला क्रिकेट में यह शीर्ष सम्मान हासिल करने के लिए दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोल्वार्ड्ट, श्रीलंका की चमारी अथापथु और ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड जैसी खिलाड़ियों को पछाड़ दिया।

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post

जानकारी

यह पुरस्कार जीतने वाली न्यूजीलैंड की पहली खिलाड़ी

केर 2017 से शुरू हुए इस सम्मान को हासिल करने वाली न्यूजीलैंड की पहली महिला खिलाड़ी हैं। उन्हें इस पुरस्कार के रूप में राचेल हेलो फ्लिंट ट्रॉफी दी जाएगी। केर ने इसी साल 'ICC विमेंस टी-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर' का खिताब भी जीता है।

प्रदर्शन

साल 2024 में टी-20 में कैसा रहा था केर का प्रदर्शन?

केर ने साल 2024 में टी-20 क्रिकेट में असाधारण प्रदर्शन किया था। यही कारण रहा कि उन्हें टी-20 महिला विश्व कप में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का पुरस्कार दिया गया था। उन्होंने पूरे साल में कुल 18 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 24.18 की औसत से 387 रन बनाने के साथ 15.55 की औसत से सबसे ज्यादा 29 विकेट चटकाए थे। उन्होंने विश्व कप में 15 विकेट चटकाए थे और विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बनी थीं।

वनडे

पिछले साल वनडे में कैसा था केर का प्रदर्शन?

केर ने पिछले साल वनडे क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया था। वह 9 मैचों की इतनी ही पारियों में 33 की औसत से 267 रन बनाने में सफल रही थी। इस दौरान उन्होंने 1 अर्धशतक भी जड़ा था। इसी तरह गेंदबाजी में उन्होंने 27.42 की औसत से कुल 14 विकेट अपने नाम किए थे। इस दौरान उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल भी चटकाए थे। पूरे साल में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/42 विकेट का रहा था।

करियर

कैसा रहा है केर का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर?

केर ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 77 वनडे मैचों की 66 पारियों में 42.49 की औसत से 2,167 रन बनाए हैं। इसमें 4 शतक और 10 अर्धशतक शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 232* रन का रहा है। वह 76 पारियों में 99 विकेट लेने में सफल रही है। उन्होंने 85 टी-20 मैचों की 67 पारियों में 1,296 रन बनाए हैं। 70 रन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसी तरह वह 83 पारियों में 93 विकेट भी चटका चुकी हैं।