विजय हजारे ट्रॉफी: इन टीमों ने बनाई सेमीफाइनल में जगह, जानिए जरूरी बातें
बीते मंगलवार को विजय हजारे ट्रॉफी के दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें मुंबई और उत्तर प्रदेश ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। इससे पहले सोमवार को कर्नाटक और गुजरात ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। ऐसे में विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल के लिए चार टीमें स्पष्ट हो गई। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमों के सफर पर नजर डालते हैं।
11 मार्च को होने हैं दोनों सेमीफाइनल
विजय हजारे ट्रॉफी का पहला सेमीफाइनल मुकाबला गुजरात और उत्तर प्रदेश के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई और कर्नाटक की टीमें पालम स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। बता दें दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 11 मार्च (गुरुवार) को सुबह 9 बजे से खेले जाएंगे। इसके बाद फाइनल मुकाबला 14 मार्च (रविवार) को अरुण जेटली स्टेडियम में सुबह 09 बजे से खेला जाना तय है।
ऐसा रहा कर्नाटक का सफर
ग्रुप स्टेज मुकाबलों में कर्नाटक को एक मैच में हार झेलने पड़ी जबकि चार मैचों में उन्होंने जीत हासिल की। पहला मैच- कर्नाटक को उत्तर प्रदेश ने नौ रनों से हराया (VJD नियम से)। दूसरा मैच- कर्नाटक ने बिहार को 267 रनों से हराया। तीसरा मैच- कर्नाटक ने ओडिशा को 101 रनों से हराया। चौथा मैच- कर्नाटक ने केरल को नौ विकेट से हराया। पांचवा मैच- कर्नाटक ने रेलवे को 10 विकेट से हराया। क्वार्टर फाइनल- कर्नाटक ने केरल को 80 रनों से हराया।
ऐसा रहा है उत्तर प्रदेश का सफर
ग्रुप स्टेज मुकाबलों में उत्तर प्रदेश को एक मैच में हार झेलने पड़ी थी। पहला मैच- उत्तर प्रदेश ने कर्नाटक को नौ रनों से हराया (VJD नियम से)। दूसरा मैच- उत्तर प्रदेश को केरल से तीन विकेट से हार झेलनी पड़ी। तीसरा मैच- उत्तर प्रदेश ने बिहार को पांच विकेट से हराया। चौथा मैच- उत्तर प्रदेश ने रेलवे को 70 रनों से हराया। पांचवा मैच- उत्तर प्रदेश ने ओडिशा को छह विकेट से हराया। क्वार्टर फाइनल- उत्तर प्रदेश ने दिल्ली को 46 रनों से हराया।
अब तक अजेय रही है मुंबई
विजय हजारे ट्रॉफी के इस सीजन में मुंबई की अब तक अजेय रही है। पहला मैच- मुंबई ने दिल्ली को सात विकेट से हराया। दूसरा मैच- मुंबई ने महाराष्ट्र को छह विकेट से हराया। तीसरा मैच- मुंबई ने पुदुचेरी को 233 रनों से हराया। चौथा मैच- मुंबई ने राजस्थान को 67 रनों से हराया। पांचवा मैच- मुंबई ने हिमाचल प्रदेश को 200 रनों से हराया। क्वार्टर फाइनल- मुंबई ने सौराष्ट्र को नौ विकेट से हराया।
शान से सेमीफाइनल में पहुंची गुजरात
इस सीजन में गुजरात ने अपने सभी मैच जीतकर शान से सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। पहला मैच- गुजरात ने छत्तीसगढ़ को तीन विकेट से हराया। दूसरा मैच- गुजरात ने गोवा को आठ विकेट से हराया। तीसरा मैच- गुजरात ने त्रिपुरा को 132 रनों से हराया। चौथा मैच- गुजरात ने हैदराबाद को 12 रनों से हराया। पांचवा मैच- गुजरात ने बड़ौदा को 40 रनों से हराया। क्वार्टर फाइनल-गुजरात ने आंध्रा प्रदेश को 117 रनों से हराया।
इन गेंदबाजों ने किया है शानदार प्रदर्शन
गुजरात के अरजन नागवासवाला और उत्तर प्रदेश के शिवम शर्मा इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा 19-19 विकेट ले चुके हैं। वहीं अनुभवी तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी मुंबई की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने चार मैचों में 8.69 की औसत से 13 विकेट लिए हैं। दूसरी तरफ विजय हजारे के इस सीजन में कर्नाटक के सबसे सफल गेंदबाज श्रेयस गोपाल रहे हैं, जिन्होंने छह मैचों में 12 विकेट लिए हैं।
सेमीफाइनल में इन बल्लेबाजों पर रहेगी नजरें
इस सीजन में अब तक देवदत्त पडिक्कल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने छह मैचों में 673 रन बना लिए हैं। वहीं उनके साथी कर्नाटक के आर समर्थ (603) दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वहीं मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने अब तक 589 रन बना लिए हैं। इनके अलावा उत्तर प्रदेश और गुजरात के लीडिंग स्कोरर क्रमशः अक्षदीप नाथ (261) और हेत पटेल (335) हैं।