अजीत अगरकर मुख्य चयनकर्ता के पद से हटेंगे, वीवीएस लक्ष्मण लेंगे उनकी जगह- रिपोर्ट
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चयन समिति के प्रमुख अजीत अगरकर का कार्यकाल सितंबर 2026 में समाप्त हो सकता है। दैनिक जागरण के रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI उनकी जगह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को यह जिम्मेदारी सौंपने की योजना बना रही है। अगरकर का कार्यकाल जून 2026 में खत्म होना था, लेकिन BCCI ने उन्हें 3 महीने का विस्तार दिया था। उम्मीद थी कि उन्हें 2027 विश्व कप तक एक और विस्तार मिल सकता है।
हालात
रोहित शर्मा के संन्यास को लेकर हुई थी बातें
भारत की वनडे टीम में रोहित शर्मा के संन्यास को लेकर काफी बातें की गईं थी।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज रोहित के करियर की आखिरी सीरीज हो सकती है।
वहीं, दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार,अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने गौतम गंभीर के नेतृत्व वाले टीम प्रबंधन से आगामी वनडे मुकाबलों में रोहित को टीम से बाहर रखने को लेकर भी चर्चा की थी।
बयान
रोहित के मामले में BCCI सचिव और अगरकर के बीच मतभेद
रोहित ने आखिरी वनडे में शतक जड़कर सबकुछ बदल दिया। तीसरे वनडे से पहले रोहित के संन्यास की जानकारी आने के बाद BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने एक बयान जारी किया।
उन्होंने यह बयान मुख्य चयनकर्ता अगरकर से चर्चा किए बिना जारी किया था।
उन्होंने कहा था कि जब तक रोहित टीम की योजनाओं का हिस्सा हैं, तब तक वह खेलते रहेंगे।
हालांकि, भारतीय टीम के फैसले लेने वाले कुछ लोग नहीं चाहते कि रोहित 2027 विश्व कप खेलें।
हार
अब तक नहीं हुई समीक्षा बैठक
इसके अलावा आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर 10 में से 8 मैच हारने के बाद BCCI ने प्रदर्शन की समीक्षा के लिए एक बैठक तय की थी, लेकिन वह अब तक नहीं हो सकी है।
यह बैठक इंग्लैंड दौरे के समाप्त होने के बाद आयोजित होनी थी।
हालांकि, समीक्षा पूरी होने से पहले ही भारतीय टीम 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए श्रीलंका रवाना हो चुकी है।
बोर्ड की समीक्षा बैठक अभी भी लंबित बनी हुई है।
अटकलें
कैसे शुरू हुई रोहित की संन्यास की अटकलें?
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले 2 मैचों की असफलता के बाद रिपोर्ट आई थी कि यह रोहित की आखिरी सीरीज होगी।
इससे उनके भविष्य पर सवाल उठने लगे थे।
मुख्य चयनकर्ता अगरकर और मुख्य कोच गंभीर ने रोहित से कहा था कि वनडे विश्व कप 2027 के लिए उनकी टीम में कोई जगह नहीं है।
हालांकि, लॉर्ड्स में रोहित ने 110 गेंदों पर 138 रन की पारी खेलकर आलोचकों को करारा जवाब दे दिया।