अजीत अगरकर ने BCCI से विश्व कप 2027 तक अपना कार्यकाल बढ़ाने की मांग की- रिपोर्ट
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने हाल ही में टी-20 विश्व कप 2026 जीता था, जबकि पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब पर कब्जा जमाया था। टीम के अच्छे प्रदर्शन के बीच भारतीय चयनकर्ता प्रमुख अजीत अगरकर ने अपने कार्यकाल को बढ़ाने की मांग की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगरकर ने वनडे विश्व कप 2027 तक इस पद पर बने रहने की गुजारिश की है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
जून 2026 में होना है अगरकर के कार्यकाल का समापन
अगरकर जून 2023 से इस पद पर मौजूद हैं। इससे पहले BCCI ने 2025 IPL से पहले उनके समय को 1 साल के लिए बढ़ाया था और जून 2026 में उनके कार्यकाल का समापन होना है। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, फिलहाल अगरकर के बाद इस पद के लिए कोई बड़ा चेहरा नहीं है। ऐसे में अब गेंद BCCI के पाले में हैं कि वह अगरकर को बरकरार रखते हैं या नए चेहरे को मौका देते हैं।
रिपोर्ट
वेस्ट जोन के खिलाड़ी ने भी दिखाई इस पद के लिए दिलचस्पी
खबरों के अनुसार, अगरकर की गुजारिश को लेकर बातचीत चल रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। ऐसी भी खबर है कि वेस्ट जोन के पूर्व भारतीय खिलाड़ी अगरकर की जगह लेने की दौड़ में सबसे आगे थे, लेकिन इस मामले में भी फैसला नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि यह मांग टी-20 विश्व कप 2026 जीत के ठीक बाद की गई है, जिससे फैसला अगरकर के पक्ष में जा सकता है।
प्रदर्शन
अगरकर के कार्यकाल में टेस्ट में भारत ने किया निराश
अगरकर के कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम ने 3 ICC ट्रॉफी (टी-20 विश्व कप 2024 और 2026, चैंपियंस ट्रॉफी 2025) जीती हैं, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में टीम ने निराश किया है। भारत ने घर पर खेलते हुए लगातार 2 टेस्ट सीरीज गंवाई। इसके साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हुई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारतीय टीम ने निराश किया था। इन शिकस्तों के चलते ही भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे चक्र के फाइनल में नहीं पहुंच सकी थी।
करियर
कैसा रहा है अगरकर का अंतरराष्ट्रीय करियर?
अगरकर ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 26 टेस्ट, 191 वनडे और 4 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 58 विकेट झटके हैं। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 288 विकेट लिए हैं और टी-20 क्रिकेट में उनके नाम 3 विकेट हैं। अगरकर ने टेस्ट क्रिकेट में 1 शतक भी लगाया है। उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर 109 रन की पारी खेली थी।