अजिंक्य रहाणे ने IPL में कप्तान के तौर पर पूरे किए 1,000 रन
क्या है खबर?
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, उनकी टीम को हार मिली। रहाणे ने वानखेड़े स्टेडियम में तेज अर्धशतक जड़ा और टीम को 220/4 के स्कोर तक पहुंचाया। अपनी 67 रन की पारी के दौरान वह IPL में कप्तान के रूप में 1,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं।
पारी
कैसी रही रहाणे की पारी?
रहाणे ने अपने ओपनिंग बल्लेबाज साथी फिन एलन (37) के साथ मिलकर 69 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। एलन के आउट होने के बाद उन्होंने कैमरून ग्रीन के साथ आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और 10वें ओवर में सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 40 गेंदों में 67 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर का शिकार बने। उनकी पारी में 3 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
आंकड़े
कप्तान के रूप में लगाया है एक शतक
रहाणे ने कप्तान के रूप में 39 IPL मैचों में 1,040 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 29.71 और स्ट्राइक रेट 133.16 है। इस दौरान उन्होंने 7 बार 50+ स्कोर बनाए, जिसमें एक शतक भी शामिल है। इनमें से 573 रन उन्होंने 2018-19 के बीच राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करते हुए बनाए थे। उन्होंने 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट की भी एक मैच में कप्तानी की थी। रहाणे ने IPL में कुल 199 मैचों में 5,099 रन बनाए हैं।