अफगानिस्तान बनाम भारत: जानिए क्यों पहले टी-20 की तारीख में हो सकता है बदलाव
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 3 मैचों की टी-20 सीरीज में हिस्सा लेना है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में पहला टी-20 मैच खेला जाना है। इस बीच खबर है कि पहले टी-20 मैच की तारीख में बदलाव हो सकता है। सुरक्षा के लिहाज से सीरीज के कार्यक्रम को बदला जा सकता है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
दिल्ली में होना है BRICS शिखर सम्मेलन
दरअसल, दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन होने वाला है और 11 से 13 तारीख के बीच कई VVIP रूट चालू रहने की उम्मीद है।
दैनिक जागरण के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने 13 तारीख को नई दिल्ली में होने वाले भारत-अफगानिस्तान मैच को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताई हैं।
दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर ने दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि मैच की तारीख बदल दी जाए।
कारण
दिल्ली पुलिस के लिए दर्शकों की सुरक्षा बनी बड़ी चुनौती
दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम अब तक कई अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी कर चुका है।
इस मैदान की दर्शक क्षमता लगभग 40,000 हजार है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले पहले टी-20 मैच में 20,000 से 25,000 लोगों के आने की उम्मीद है।
ऐसे में BRICS सम्मेलन के बीच दिल्ली पुलिस के लिए सुरक्षा और सुविधा का इंतजाम करना चुनौती भरा रहने वाला है। हालांकि, दूसरे और तीसरे टी-20 के कार्यक्रम में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है।
बयान
DDCA की ऐसी रही प्रतिक्रिया
क्रिकबज के मुताबिक, "DDCA ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक के बाद,सभी जरूरी मदद और इंतजामों का भरोसा दिलाया गया है।"
DDCA ने कहा है कि मैच रविवार को तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। फिर भी अंतिम निर्णय की पुष्टि होना अभी बाकी है, क्योंकि मैच के आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि कार्यक्रम में बदलाव की संभावना अभी भी बनी हुई है।
कार्यक्रम
ऐसा है सीरीज का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भारत और अफगानिस्तान के बीच आगामी सीरीज का पहला टी-20 मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाना है।
इसके बाद अगले 2 मुकाबले क्रमश: 15 और 17 सितंबर को खेले जाएंगे।
यह सीरीज भारतीय सरजमीं पर ऐतिहासिक होगी, क्योंकि अफगानिस्तान पहली बार आधिकारिक तौर पर किसी द्विपक्षीय सीरीज के लिए भारत की मेजबानी करेगा।
अब तक अफगानी टीम ने भारत को टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कभी नहीं हराया है।