Loading...
अफगानिस्तान बनाम भारत: अभिषेक शर्मा ने खेली 82 रन की पारी, पूरे किए 6,000 टी-20 रन
अभिषेक ने खेली उम्दा पारी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

अफगानिस्तान बनाम भारत: अभिषेक शर्मा ने खेली 82 रन की पारी, पूरे किए 6,000 टी-20 रन

Sep 13, 2026
10:38 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हराते हुए सीरीज में बढ़त बनाई। अरुण जेटली स्टेडियम में जीत के लिए मिले 157 रन के लक्ष्य को भारत ने अभिषेक शर्मा की 82 रन की पारी की मदद से हासिल किया। अभिषेक ने टी-20 क्रिकेट में अपने 6,000 रन का आंकड़ा भी पार किया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

जोरदार रही अभिषेक की पारी 

रनों का पीछा करते हुए अभिषेक ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

बल्लेबाजी के लिए अच्छी नजर आ रही पिच पर अभिषेक ने 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

उन्होंने नूर अहमद के एक ओवर में लगातार 2 छक्के भी लगाए।

उन्होंने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी (121) की।

वह 32 गेंदों में 82 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 7 चौके और 7 छक्के लगाए।

रिकॉर्ड 

अभिषेक ने दूसरे सबसे तेज 6,000 टी-20 रन पूरे किए 

अभिषेक ने गेंदों के लिहाज से दूसरे सबसे तेज 6,000 टी-20 रन पूरे किए। उन्होंने इस आंकड़े को छूने के लिए 3,420 गेंदों का सहारा लिया।

क्रिकबज के मुताबिक, न्यूजीलैंड के फिन एलन ने 3,386 गेंदों में अपने 6,000 टी-20 रन पूरे किए थे।

इस सूची में तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल हैं, जिन्होंने 3,550 गेंदों में ये आंकड़ा छूआ था।

ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड ने 3,681 गेंदों में अपने 6,000 टी-20 रन पूरे किए थे।

ADVERTISEMENT

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती भारतीय टीम 

अफगानिस्तान से रहमानुल्लाह गुरबाज (0), इब्राहिम जादरान (11), सेदिकुल्लाह अटल (13) और गुलबदीन नैब (2) जल्दी आउट हुए।

शीर्षक्रम के लड़खड़ाने के बाद मोहम्मद नबी (33) और उमरजई ने 83 रन की साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 156/8 तक पहुंचाया।

भारत से अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट लिए।

जवाब में भारत से संजू सैमसन (10) के जल्दी आउट होने के बाद किशन (42) और अभिषेक ने जीत में योगदान दिया।

भारत ने 14वें ओवर में मैच समाप्त किया।

ADVERTISEMENT