अफगानिस्तान करेगा बांग्लादेश और जिम्बाब्वे की मेजबानी, UAE में खेली जाएगी त्रिकोणीय वनडे सीरीज
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम आगामी घरेलू सीजन के लिए पूरी तरह तैयार है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) अक्टूबर और नवंबर के महीनों में बांग्लादेश क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम की मेजबानी करने जा रहा है। इस द्विपक्षीय और त्रिकोणीय सीरीज के दौरान क्रिकेट के तीनों प्रारूपों (टेस्ट, वनडे और टी-20) के मुकाबले खेले जाएंगे। ACB ने यह साफ किया है कि ये सभी मैच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, मैदानों की घोषणा अभी बाकी है।
कार्यक्रम
बांग्लादेश के खिलाफ एक टेस्ट और त्रिकोणीय वनडे सीरीज
इस पूरे दौरे को अलग-अलग चरणों में बांटा गया है, जिसकी शुरुआत बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच से होगी। यह मुकाबला 9 अक्टूबर से खेला जाएगा।
यह मैच एशियाई खेल 2026 के टूर्नामेंट के 6 दिन बाद खेला जाएगा।
टेस्ट मैच के बाद 17 से 23 अक्टूबर तक अफगानिस्तान, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के बीच एक त्रिकोणीय वनडे सीरीज खेली जाएगी।
इसमें तीनों टीमें आपस में एक-एक मैच खेलेंगी और शीर्ष 2 टीमों के बीच फाइनल मुकाबला होगा।
सीरीज
जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट और टी-20 सीरीज
त्रिकोणीय वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद बांग्लादेश की टीम स्वदेश रवाना हो जाएगी और अफगानिस्तान का मुकाबला जिम्बाब्वे से होगा।
दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 27 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच खेली जाएगी।
इसके बाद अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच 2 टेस्ट मैचों की एक सीरीज भी खेली जाएगी। पहला टेस्ट 5 से 9 नवंबर और दूसरा टेस्ट 13 से 17 नवंबर तक खेला जाएगा।
बयान
खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए बेहतरीन मौका
इस आगामी सीरीज पर खुशी जाहिर करते हुए ACB के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नसीब खान ने कहा, "हमें अफगानिस्तान टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इस महत्वपूर्ण दौर की पुष्टि करते हुए बेहद खुशी हो रही है।"
उन्होंने आगे कहा, "विभिन्न प्रारूपों में बांग्लादेश और जिम्बाब्वे जैसी टीमों के खिलाफ खेलने से अफगान खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा करने का बेहतरीन अनुभव मिलेगा। यह सीरीज प्रशंसकों के लिए भी मनोरंजन से भरपूर और रोमांचक रहने वाली है।"