अफगानिस्तान टी-20 सीरीज: इन 3 IPL सितारों काे मिल सकती है भारतीय टीम में जगह
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने दोनों देशों के बीच 3 मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। ये सभी मुकाबले 13 से 17 सितंबर तक दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। भारतीय टीम की घोषणा होना अभी बाकी है, जिसमें इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में धमाल मचाने वाले इन 3 स्टार खिलाड़ियों पर भी चयनकर्ताओं की नजरें टिकी होंगी।
#1
रजत पाटीदार
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार 2 बार IPL खिताब जिताने वाले रजत पाटीदार का बल्ला IPL 2026 में जमकर गरजा है।
पाटीदार इस सीजन में भारत के सबसे बेहतरीन मध्यक्रम बल्लेबाज बनकर उभरे, जिन्होंने 41.75 की औसत और 192.69 की स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए।
गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ क्वालीफायर-1 में उन्होंने 33 गेंदों में 93* रन की अविश्वसनीय पारी खेली थी।
ऐसे में उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम में जगह मिल सकती है।
#2
केएल राहुल
साल 2022 के अंत से भारतीय टी-20 टीम से बाहर चल रहे केएल राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) से IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने 14 मैचों में 45.61 की औसत और 174.41 की स्ट्राइक रेट से 593 रन बनाए।
पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ उनकी 152* रनों की पारी किसी भी भारतीय द्वारा IPL में खेली गई सर्वोच्च पारी रही है।
वह ओपनिंग के साथ-साथ विकेटकीपिंग का विकल्प भी देते हैं, जो टीम संतुलन में बेहद उपयोगी हैं।
#3
क्रुणाल पांड्या
RCB के एक और चमकते सितारे क्रुणाल पांड्या ने IPL 2026 में भारत के मुख्य स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल से भी बेहतर प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है।
उन्होंने 16 मैचों में 8.41 की इकोनॉमी से 14 विकेट चटकाए और बल्ले से 37.66 की औसत व 145.80 के स्ट्राइक रेट से 226 रन भी बनाए।
टी-20 विश्व कप 2028 को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम प्रबंधन क्रुणाल जैसे अनुभवी ऑलराउंडर पर दांव लगाना चाहेगा।