Loading...
अफगानिस्तान प्रीमियर लीग का 27 दिसंबर से होगा आगाज, 3 टीमों और ट्रॉफी का हुआ अनावरण
अफगानिस्तान प्रीमियर लीग का 27 दिसंबर से होगा आगाज

अफगानिस्तान प्रीमियर लीग का 27 दिसंबर से होगा आगाज, 3 टीमों और ट्रॉफी का हुआ अनावरण

Aug 26, 2026
01:19 pm

क्या है खबर?

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने क्रिकेट जगत में एक नया मील का पत्थर गाड़ते हुए अपनी बहुप्रतीक्षित अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) टी-20 के उद्घाटन सीजन की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। दुबई में आयोजित एक भव्य समारोह में लीग की शुरुआती 3 फ्रेंचाइजी टीमों के नाम की घोषणा की गई और आधिकारिक चमचमाती ट्रॉफी का अनावरण भी किया गया। बता दें कि ACB की घोषणा के अनुसार, इस लीग का आगाज 27 दिसंबर, 2026 से होगा।

टीम

APL के पहले संस्करण में हिस्सा लेंगी ये 3 टीमें

क्रिकबज के अनुसार, दुबई में आयोजित समारोह में फ्रेंचाइजी मालिकों, लीग पार्टनर्स और ACB के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी में 3 अधिकारिक टीमों के नामों और उनकी पहचान की घोषणा की गई।

ये 3 टीमें एक्सेल यूनाइटेड काबुल, बल्ख ज्वानन और कंधार वॉरियर्स हैं।

बल्ख ज्वानन का टीम के नाम का अर्थ 'युवा' है। फ्रेंचाइजी का उद्देश्य उत्तरी अफगानिस्तान की प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें एक पेशेवर मंच देना है।

कंधार वॉरियर्स ने आक्रामक खेल शैली पर जोर दिया है।

ट्रॉफी

ACB ने ट्रॉफी को दिया 'कोह-ए-जफर' नाम

समारोह में लीग की बेहद खूबसूरत ट्रॉफी का भी अनावरण किया गया, जिसे 'कोह-ए-जफर' नाम दिया गया है।

इसका डिजाइन अफगानिस्तान की विशाल और खूबसूरत पर्वत श्रृंखलाओं से प्रेरित है।

ACB के अध्यक्ष मीरवाइस अशरफ ने कहा, "आज अफगान क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। हमारी पहली फ्रेंचाइजी और कोह-ए-जफर ट्रॉफी का अनावरण हमारी उस साझा सोच को दर्शाता है जिसके तहत हम एक ऐसी लीग का निर्माण करना चाहते हैं जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करे।"

ADVERTISEMENT

रजिस्ट्रेशन

30 अगस्त से शुरू होगा खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन

अशरफ ने बताया कि यह लीग युवा अफगान खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकने का एक बेहतरीन रास्ता तैयार करेगी।

उद्घाटन सीजन के ड्राफ्ट के लिए खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन पोर्टल 30 अगस्त को खोल दिया जाएगा।

टीमों के गठन के लिए खिलाड़ियों का मुख्य ड्राफ्ट 27 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।

क्रिकेट बोर्ड आने वाले दिनों में टूर्नामेंट के मैचों का विस्तृत कार्यक्रम और आयोजन स्थलों की आधिकारिक घोषणा करेगा।

ADVERTISEMENT