एडम जैम्पा ने पूरे किए 200 वनडे विकेट, ऐसा करने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के लेग स्पिनर एडम जैम्पा ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में अहम उपलब्धि हासिल की है। जिम्बाब्वे की पारी में अपना पहला विकेट लेते ही उनके वनडे क्रिकेट में 200 विकेट पूरे हो गए हैं। इसके साथ ही वह अब पूर्व दिवंगत स्पिनर शेन वॉर्न के बाद वनडे में यह कारनामा करने वाले केवल दूसरे स्पिनर बन गए हैं। आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
करियर
कैसा रहा है जैम्पा का वनडे करियर?
जैम्पा ने साल 2016 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 123 वनडे मैच खेल चुके हैं, जिसमें 29.44 की औसत और 5.52 की इकॉनमी से 200 विकेट चटकाने में सफल रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने 12 बार 4 और एक बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 35 रन देकर 5 विकेट लेने का रहा है।
उन्होंने कुल 17 ओवर मेडन भी फेकें हैं।
उपलब्धि
जैम्पा ने वनडे विश्व कप में चटकाए हैं 28 विकेट
जैम्पा ने वनडे विश्व कप में भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अब तक 15 विश्व कप मैचों में 26.82 की औसत से 28 विकेट लिए हैं।
वह वनडे विश्व कप 2023 में 22.39 की औसत से 23 विकेट लेकर दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।
उन्होंने घर से बाहर खेले 64 वनडे मैचों में 32 से अधिक की औसत से 94 विकेट चटकाए हैं। इसी तरह घरेलू मैचों में 57 विकेट लिए हैं।