अभिषेक पोरेल पर लगा यौन शोषण का आरोप, कलकत्ता हाई कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का प्रतिनिधित्व करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल के खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज हुआ है। इस मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए पुलिस को तत्काल गिरफ्तारी का आदेश दिया है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पुलिस को शिकायतकर्ता की निजता की रक्षा के लिए बल्लेबाज के सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त करने का भी निर्देश दिया है। आइए पूरा मामला जानते हैं।
प्रकरण
क्या है पूरा मामला?
23 वर्षीय पोरेल पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर पिछले 3 वर्षों से यौन शोषण करने का आरोप लगाया है।
जून 2026 में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पोरेल पर पीड़िता के साथ मारपीट करने, आपराधिक धमकी देने और उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप है।
यह मामला पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के मगरा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया गया था।
वारंट
हाई कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
कलकत्ता हाई कोर्ट के जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए क्रिकेटर के खिलाफ गिरफ्तरी वारंट जारी कर तत्काल गिरफ्तारी का आदेश दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने अदालत को सूचित किया है कि आरोपी क्रिकेटर का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और तलाश जारी है।
इस मामले पर अगली सुनवाई 11 अगस्त को तय की गई है। ऐसे में अब पाेरेल की परेशानियां बढ़ने वाली है।
खारिज
पोरेल ने आरोपों को किया खारिज
इस मामले में पोरेल ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है और खुद को निर्दोष बताया है।
पोरेल घरेलू क्रिकेट में बंगाल की तरफ से खेलते हैं और IPL में DC के सदस्य हैं।
उन्होंने IPL के 4 सीजन में 35 मैच खेलकर 25.63 की औसत से 769 रन बनाए हैं।
उन्होंने 32 प्रथम श्रेणी मैचों में 31.28 की औसत से 1,408 रन, 23 लिस्ट-A मैचों में 833 रन और 61 टी-20 मैचों में 1,590 रन बनाए हैं।