राशिद खान के खिलाफ खूब चलता है अभिषेक शर्मा का बल्ला, आंकड़े कर देंगे हैरान
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में 82 रन की पारी खेली। उन्होंने ये रन सिर्फ 32 गेंदों में बनाए। अभिषेक ने इस दौरान राशिद खान के खिलाफ खास रिकॉर्ड बनाया। अभिषेक की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारतीय टीम ने 156 रन का लक्ष्य सिर्फ 13.4 ओवर में ही हासिल कर लिया। ऐसे में आइए, राशिद के खिलाफ उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
राशिद के खिलाफ ऐसे हैं अभिषेक के आंकड़े
टी-20 क्रिकेट में अभिषेक ने अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद के खिलाफ 43 गेंदों में 101 रन बनाए हैं।
इस दौरान उन्होंने 5 पारियों में 8 छक्के लगाए और एक बार आउट हुए हैं।
राशिद के खिलाफ उनकी स्ट्राइक रेट 234.88 की रही है, जो टी-20 में कम से कम 30 गेंद खेलने वाले 113 बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा है।
रविवार को अभिषेक ने राशिद की 7 गेंदों पर 19 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और एक छक्का शामिल रहा।
धमाकेदार
पहले टी-20 में अभिषेक ने खेली धमाकेदार पारी
रनों का पीछा करते हुए अभिषेक ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
बल्लेबाजी के लिए अच्छी नजर आ रही पिच पर अभिषेक ने 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
उन्होंने नूर अहमद के एक ओवर में लगातार 2 छक्के भी लगाए। उन्होंने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी (121) की।
वह 82 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 7 चौके और 7 छक्के लगाए।
रिकॉर्ड
अभिषेक ने हासिल की ये बड़ी उपलब्धि
अभिषेक ने गेंदों के लिहाज से दूसरे सबसे तेज 6,000 टी-20 रन पूरे किए।
उन्होंने इस आंकड़े को छूने के लिए 3,420 गेंदों का सहारा लिया।
क्रिकबज के मुताबिक, न्यूजीलैंड के फिन एलन ने 3,386 गेंदों में अपने 6,000 टी-20 रन पूरे किए थे। इस सूची में तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल हैं, जिन्होंने 3,550 गेंदों में ये आंकड़ा छूआ था।
ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड ने 3,681 गेंदों में अपने 6,000 टी-20 रन पूरे किए थे।
करियर
ऐसा रहा है अभिषेक का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
अभिषेक ने भारत के लिए अब तक 57 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसकी 56 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 31.68 की औसत से 1,711 रन बनाए हैं।
उनकी स्ट्राइक रेट 189.68 की रही है।
इस खिलाड़ी के बल्ले से 2 शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन रहा है।
अफगानिस्तान के खिलाफ अभिषेक ने अपने पहले मैच में ही 82 रन की शानदार पारी खेली।