अभिषेक शर्मा फिर बने नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज, ऑलराउंडर में यानसन ने खत्म की जडेजा की बादशाहत
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर मार्को यानसन ने लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 गेंदबाज और ऑलराउंडर का स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में फिर से दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज का ताज अपने नाम कर लिया है। ICC की पुरुष खिलाड़ियों की रैंकिंग में इस सप्ताह हुए बड़े बदलावों में इन दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियां खास रहीं।
बादशाहत
यानसन ने खत्म की रविंद्र जडेजा की बादशाहत
यानसन ने ICC टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में एक स्थान की छलांग लगाकर भारतीय दिग्गज रविंद्र जडेजा की बादशाहत खत्म कर दी है।
जडेजा 4 साल से ज्यादा समय से इस रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज थे।
यानसन पहली बार टेस्ट ऑलराउंडरों की सूची में नंबर-1 बने हैं। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज गेंदबाज डेल स्टेन ने यानसन को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर बताया था।
अब उनकी इस उपलब्धि ने खूब सुर्खियां बटोरी हैं।
पीछे
अभिषेक शर्मा ने ली ईशान किशन की जगह
अभिषेक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में तूफानी शतक जड़कर रैंकिंग में फिर से नंबर-1 बल्लेबाज का स्थान हासिल कर लिया है।
वेलिंगटन में खेले गए मुकाबले में अभिषेक ने महज 35 गेंदों में शतक पूरा किया और 38 गेंदों पर नाबाद 113 रन बनाए थे।
उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज पर कब्जा जमाया। अभिषेक ने साथी खिलाड़ी ईशान किशन को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया।
पहले
जुलाई 2025 में पहली बार नबर-1 बल्लेबाज बने थे अभिषेक
किशन ने इस साल जुलाई में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन के दम पर अभिषेक को पीछे छोड़ते हुए रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया था।
वहीं, अभिषेक पहली बार जुलाई 2025 में इस रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे थे। उस समय उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड को पीछे छोड़कर नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा जमाया था।
किशन अभी चोटिल हैं और टीम से बाहर चल रहे हैं।
फायदा
इन खिलाड़ियों को भी हुआ फायदा
ICC की टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में संजू सैमसन और न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलन को भी फायदा हुआ है।
सैमसन 6 स्थान की छलांग लगाकर बल्लेबाजों की सूची में 20वें और एलन 3 पायदान ऊपर चढ़कर 25वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
गेंदबाजों की रैंकिंग में न्यूजीलैंड के मिचेल सैंटनर 7 स्थान के सुधार के साथ 7वें और भारत के अर्शदीप सिंह 6 पायदान ऊपर चढ़कर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।