Page Loader
जानें कैसा रहा आठवें नंबर पर वनडे शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज सिमी सिंह का सफर
मोहाली छोड़कर आयरलैंड पहुंचे हैं सिमी

जानें कैसा रहा आठवें नंबर पर वनडे शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज सिमी सिंह का सफर

लेखन Neeraj Pandey
Jul 18, 2021
04:29 pm

क्या है खबर?

आयरलैंड के ऑलराउंडर सिमी सिंह हाल ही में आठवें या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए वनडे शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में यह उपलब्धि हासिल की थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 92/6 के स्कोर पर आयरलैंड के संघर्ष करते समय सिंह ने यह पारी खेली थी। आइए जानते हैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कैसा रहा है सिंह का सफर।

लेखा-जोखा

सिंह ने खेली थी अदभुत पारी

पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने जानेमन मलान (177) और क्विंटन डि कॉक (120) की बदौलत 346/4 का स्कोर खड़ा किया था। सिंह ने 10 ओवर में 52 रन देते हुए एक विकेट हासिल किया था। स्कोर का पीछा करते हुए आयरलैंड की पारी लड़खड़ा गई थी और स्कोर 92/6 हो गया था। सिंह ने 91 गेंदों में 100 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन उनकी टीम 276 के स्कोर पर सिमट गई थी।

जानकारी

सिंह ने बनाया यह शानदार रिकॉर्ड

सिंह आठवें या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए वनडे शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने क्रिस वोक्स और सैम कर्रन (दोनों 95*) के रिकॉर्ड को तोड़ा है।

उपलब्धि

सिंह द्वारा हासिल की गई एक अन्य उपलब्धि

इस साल की शुरुआत में उन्होंने एक और विश्व रिकॉर्ड तोड़ा था। UAE के खिलाफ उन्होंने 10 रन देकर पांच विकेट लिया था जो वनडे क्रिकेट नें पांचवां सबसे किफायती फाइव विकेट हॉल है। उस मैच में उन्होंने नाबाद 54 रन भी बनाए थे। कर्टनी वॉल्श (5/1) ने 1986 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे कम रन देकर पांच विकेट लेने का कारनामा किया था।

पंजाब

मोहाली में रहते थे सिंह

लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद सिंह को पंजाब की अंडर-19 टीम में जगह नहीं मिली थी। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब के मोहाली के रहने वाले सिंह ने 2005 में होटल मैनेजमेंट करने के लिए आयरलैंड का रुख किया था। क्रिकेट और पढ़ाई दोनों को लगातार जारी रखने के लिए उन्होंने 2006 में मेलहेड क्रिकेट क्लब को प्रोफेशनल के तौर पर ज्वाइन किया था।

संघर्ष

नेशनल कॉन्ट्रैक्ट पाने से पहले सिंह ने किया था काफी संघर्ष

शुरुआती दिनों में क्रिकेट खेलने के लिए सिंह किराने की दुकान पर काम करते थे। क्लब में हर वीकेंड क्रिकेट खेलने के लिए उन्हें पांच यूरो देने होते थे। मई 2017 में आयरलैंड की नागरिकता प्राप्त करने से पहले तक उन्होंने आयरलैंड की घरेलू क्रिकेट में काफी जद्दोजहद की थी। 2019 सीजन में जाकर उन्हें आयरलैंड क्रिकेट की तरफ से पहली बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की प्राप्ति हुई थी।