Page Loader
कौन है WWE इतिहास का सबसे लंबा रेसलर? जानिये, 5 सबसे लंबे रेसलर्स के बारे में

कौन है WWE इतिहास का सबसे लंबा रेसलर? जानिये, 5 सबसे लंबे रेसलर्स के बारे में

लेखन Neeraj Pandey
May 10, 2019
11:45 am

क्या है खबर?

WWE में बहुत से सुपरस्टार रहे हैं जिन्होंने अपनी कला से दुनियाभर के रेसलिंग फैंस के बीच अपनी पहचान बनाई है। लेकिन यदि ऐसे रेसलर्स की बात करें जिनकी लंबाई और शरीर दोनों ही विशालकाय हो तो हमें ज़्यादा नाम नहीं दिखाई देते हैं। 7.0 फीट या उससे ज़्यादा की लंबाई और भीमकाय शरीर वाले रेसलर्स में शायद कुछ गिने-चुने नाम ही होंगे। जानिए WWE इतिहास के सबसे ज़्यादा लंबाई वाले 5 सुपरस्टार्स के बारे में।

7.0 फीट

कई सुपरस्टार्स हैं 7.0 फीट लंबे

WWE में 7.0 फीट लंबाई में आपको कई सुपरस्टार्स मिल जाएंगे जिन्होंने लंबे समय तक रेसलिंग जगत पर राज किया है। इस लिस्ट में केन, बिग शो और बिग कैश सबसे बड़े नामों में से एक हैं। हालांकि, केन को छोड़कर बाकी दोनों सुपरस्टार्स को WWE ने बहुत ज़्यादा मौेके नहीं दिए। बिग शो ने तो फिर भी लंबे समय तक फाइट की और अपनी पहचान रेसलिंग जगत में बनाई, लेकिन कैश को वह सफलता नहीं मिली है।

7.1 फीट

WWE रिंग में धमाल मचाने वाला भारतीय रेसलर

द ग्रेट खली ने WWE रिंग में खूब धमाल मचाया था। खली की लंबाई ने उन्हें काफी ज़्यादा मदद भी पहुंचाई थी। केन और अंडरटेकर जैसे विपक्षियों को भी खली ने धूल चटा दी थी और अपने पूरे कार्यकाल में खली ने कई शानदार मैच लड़े थे। हिमांचल प्रदेश में जन्में खली ने 2000 में ही अपना WWE डेब्यू कर लिया था, लेकिन उन्हें अपना नाम बनाने में काफी समय लगा था। खली की लंबाई 7.1 फीट है।

7.2 फीट

बास्केटबॉलर बना प्रोफेशनल रेसलर

ब्राज़ील की नेशनल बास्केटबॉल टीम के लिए नेशनल लेवल तक बास्केटबॉल खेलने वाले पाउलो सीजर डा सिल्वा ने बाद में रेसलिंग में अपना करियर बनाया। 7.2 फीट लंबे पाउलो को फिर बाद में जायंट सिल्वा के नाम से पहचाना जाने लगा। 1997 में अपना WWE डेब्यू करने वाले सिल्वा ने कई फाइट लड़ी, लेकिन ज़्यादातर में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उन्हें कभी भी जीतने वाली स्टोरीलाइन में नहीं रखा गया और ज़्यादातर मैचों में उन्हें हारना ही पड़ा।

7.4 फीट

हल्क होगन से फ्यूड करने वाले फ्रेंच रेसलर

1966 में अपना रेसलिंग डेब्यू करने वाले 7.4 फीट लंबे आंद्रे द जायंट को ग्रोथ हार्मोन ज़्यादा हो जाने के कारण बचपन से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। उनकी लंबाई और विशालकाय शरीर भी हार्मोन ज़्यादा होने का ही परिणाम था। आंद्रे WWE के हाल ऑफ फेम क्लास 1993 में शामिल होने वाले पहले रेसलर थे। हल्क होगन के साथ उन्होंने काफी मशहूर फ्यूड किया था, लेकिन मात्र 46 साल की उम्र में उनका देहांत हो गया था।

8.0 फीट

WWE के सबसे लंबे सुपरस्टार

अर्जेंटीना के निवासी होर्हे गोंजालस, अर्जेंटीना के लिए बास्केटबॉल खेलते थे, लेकिन फिर वह रेसलिंग में आ गए। 8.0 फीट लंबे और 209 किलो वजन वाले गोंजालेस ने 1990 में WCW पर अपना रेसलिंग डेब्यू किया था। 1993 में जायंट गोंजालेस WWF में आ गए थे और दो साल तक वहां फाइट करने के बाद 1995 में उन्होंने रेसलिंग से संन्यास ले लिया। 2010 में 44 साल की उम्र में ही उनका देहांत हो गया था।