Page Loader
इस साल वनडे क्रिकेट में भारतीय गेंदबाजों के 5 यादगार प्रदर्शन
मोहम्मद सिराज के लिए शानदार रहा 2023 (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

इस साल वनडे क्रिकेट में भारतीय गेंदबाजों के 5 यादगार प्रदर्शन

Dec 26, 2023
10:05 pm

क्या है खबर?

वनडे क्रिकेट में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 2023 अच्छा साल रहा। इस साल घरेलू सरजमीं पर खेले गए वनडे विश्व कप में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से हारकर उपविजेता रही। इसके अलावा रोहित शर्मा के नेतृत्व में टीम एशिया कप का खिताब अपने नाम करने में सफल रही। भारत की सफलता में गेंदबाजों की अहम भूमिका रही। आइए इस साल भारतीय गेंदबाजों के 5 यादगार प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

शमी

मोहम्मद शमी बनाम न्यूजीलैंड, विश्व कप 2023 

मोहम्मद शमी ने विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 9.5 ओवर में 57 रन देते हुए अपने 7 विकेट लिए। उनकी उम्दा गेंदबाजी के चलते ही कीवी टीम जीत के लिए मिले 398 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए 327 रन ही बना सकी। वह वनडे विश्व कप में 7 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने। शमी विश्व कप नॉकआउट मैचों में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी बन गए थे।

सिराज

मोहम्मद सिराज बनाम श्रीलंका, एशिया कप 

एशिया कप 2023 के फाइनल में मोहम्मद सिराज ने 7 ओवर में 21 रन देकर 6 विकेट चटकाए। इसके साथ ही सिराज एशिया कप इतिहास में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए। उन्होंने एक ओवर के दौरान ही 4 विकेट चटकाए थे। सिराज की घातक गेंदबाजी के चलते पूरी विपक्षी टीम 15.2 ओवर में 50 रन पर सिमट गई। जवाब में भारत ने महज 6.1 ओवर में बिना विकेट खोए आसानी से लक्ष्य हासिल किया था।

यादव

कुलदीप यादव बनाम पाकिस्तान, एशिया कप 

कोलंबो में एशिया कप 2023 के सुपर-4 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया। बारिश के कारण मैच रिजर्व डे में खेला गया, जिसमें भारत ने 356/2 के विशाल स्कोर का बचाव किया। बाएं हाथ के कलाई स्पिनर कुलदीप यादव ने मैच में 5 विकेट लिए और भारत ने 228 रन से जोरदार जीत दर्ज की। कुलदीप पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में 5 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय स्पिनर बने थे।

जडेजा

रविंद्र जडेजा बनाम दक्षिण अफ्रीका, विश्व कप 2023 

रविंद्र जडेजा ने विश्व कप मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने 9 ओवर में 33 रन देते हुए 5 विकेट लिए। वह विश्व कप में 5 विकेट लेने का कारनामा करने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय स्पिनर बन गए थे। उनकी उम्दा गेंदबाजी के चलते ही जीत के लिए मिल 327 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रोटियाज टीम 83 रन पर सिमट गई। भारत ने उस मैच में 243 रन से जीत दर्ज की थी।

अर्शदीप

अर्शदीप सिंह बनाम दक्षिण अफ्रीका 

अर्शदीप सिंह ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई वनडे सीरीज में उम्दा प्रदर्शन किया था। उन्होंने सीरीज के पहले वनडे में अपने 10 ओवर में 3.7 की इकॉनमी रेट से 37 रन देते हुए 5 विकेट हासिल किए। यह उनके वनडे क्रिकेट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। यह उनका इस प्रारूप में पहला 5 विकेट हॉल है। दक्षिण अफ्रीका इस मैच में 116 रन पर सिमट गई और भारत ने 8 विकेट से जीत दर्ज की।