वनडे विश्व कप 2027 में 3 बार हो सकती है भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वनडे विश्व कप 2027 के कार्यक्रम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। भारतीय क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर, 2027 को केपटाउन में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ करेगी। भारतीय टीम को ग्रुप-A में ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालिफायर-A की टीम के साथ रखा है। इस बार इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की 3 बार भिड़ंत हो सकती है। आइए जानते हैं कैसे।
मुकाबले
भारत और पाकिस्तान के बीच कैसे हो सकते हैं 3 मुकाबले?
भारत और पाकिस्तान के बीच पहला मुकाबला 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा।
यदि दोनों टीमें सुपर-7 चरण के लिए क्वालीफाई करती हैं, तो वे 7 नवंबर को केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में दोबारा आमने-सामने हो सकती हैं।
तीसरी भिड़ंत तब संभव है जब दोनों टीमें उस महीने के अंत में सेमीफाइनल या फाइनल मैच में एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरें।
हालांकि, यह दोनों टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।
दबदबा
वनडे विश्व कप में पाकिस्तान पर रहा है भारत का दबदबा
वनडे विश्व कप के इतिहास में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा है।
दोनों टीमों का आमना-सामना अब तक 8 बार हो चुका है और भारत ने इन सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
ये मुकाबले 1992, 1996, 1999, 2003, 2011, 2015, 2019 और 2023 के विश्व कप में हुए थे।
यह पहला मौका होगा जब किसी टूर्नामेंट के एक ही सीजन में दोनों टीमें एक से अधिक बार आपस में भिड़ सकती हैं।
कार्यक्रम
टूर्नामेंट में कैसा रहेगा भारत का कार्यक्रम?
ICC के कार्यक्रम के अनुसार, भारतीय टीम 7 अक्टूबर को केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान का आगाज करेगी।
उसके बाद उसका 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में पाकिस्तान, 14 अक्टूबर काे सेंचुरियन में अफगानिस्तान, 17 अक्टूबर को ब्लोमफोंटेन में क्वालिफायर-A और 24 अक्टूबर को विक्टोरिया फॉल्स में जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबला होगा।
बता दें कि ग्रुप-B में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और क्वालिफायर-B की टीमें होंगी।