पहला टेस्ट: बांग्लादेश के खिलाफ सस्ते में सिमटी ऑस्ट्रेलिया, ऐसा रहा पहले दिन का खेल
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम और बांग्लादेश क्रिकेट टीम के बीच मैरारा क्रिकेट ग्राउंड, डार्विन में पहला टेस्ट खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद बांग्लादेश ने 96/1 का स्कोर बना लिया है। तंजीद हसन तमीम (32*) और मोमिनुल हक (35*) क्रीज पर मौजूद हैं। बांग्लादेश पहली पारी के आधार पर केवल 102 रन पीछे है। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी सिर्फ 198 रन पर समाप्त हुई थी। आइए पहले दिन के खेल पर नजर डालते हैं।
खेल
ऐसा रहा पहला दिन का खेल
ऑस्ट्रेलिया ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनका ये फैसला गलत साबित हुआ।
स्टीव स्मिथ (71) को छोड़कर और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
हसन महमूद ने घातक गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 6 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा तस्कीन अहमद और इबादत हुसैन को 2-2 सफलता मिली।
बांग्लादेश को एकमात्र झटका शादमान इस्लाम (20) के रूप में लगा। उन्हें मिचेल स्टार्क ने पवेलियन की राह दिखाई।
गेंदबाजी
ऐसी रही हसन की गेंदबाजी
हसन शुरूआत से ही ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों पर दबाव बनाते नजर आए।
उन्होंने पहले दोनों सलामी बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। ट्रेविस हेड 22 और जेक वेदराल्ड 23 रन बनाकर हसन की गेंद पर आउट हुए।
इसके बाद उन्होंने स्मिथ (71), पैट कमिंस (9), स्टार्क (1) और नाथन लियोन (7) का विकेट लिया।
हसन ने 17 ओवर गेंदबाजी की और 3 मेडन के साथ केवल 55 रन दिए। ये उनका तीसरा 5 विकेट हॉल रहा।
उपलब्धि
हसन ने हासिल की ये उपलब्धि
हसन अब बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल लेने वाले तेज गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर आ गए हैं।
पहले स्थान पर शहादत हुसैन हैं, जिन्होंने 38 टेस्ट की 60 पारियों में 4 बार 5 विकेट हॉल लिए थे।
हसन भारत और पाकिस्तान की धरती पर भी 5 विकेट हॉल ले चुके हैं।
वह बांग्लादेश के पहले गेंदबाज बने हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट की एक पारी में 6 विकेट चटकाए हैं।
पारी
ऐसी रही स्मिथ की पारी
ऑस्ट्रेलिया ने जब 52 रन के स्कोर पर दूसरा विकेट खोया, तब स्मिथ क्रीज पर आए।
बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बीच एक छोर से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज निरंतर आउट होते चले गए, जबकि दूसरे छोर से स्मिथ ने रन बनाना जारी रखा।
उन्होंने एलेक्स कैरी (19) के साथ मिलकर 56 रन जोड़े।
स्मिथ 109 गेंदों में 7 चौकों और एक छक्के की बदौलत 71 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके टेस्ट करियर का 45वां अर्धशतक साबित हुआ।
रिकॉर्ड
स्मिथ ने इस रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
स्मिथ ने अपने टेस्ट करियर में अब तक 37 शतक और 45 अर्धशतक लगाए हैं।
वह ऑस्ट्रेलिया की ओर से संयुक्त रूप से तीसरे सर्वाधिक 50+ रन के स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं।
बता दें कि पूर्व दिग्गज स्टीव वॉ ने भी ऑस्ट्रेलिया की ओर से 82 स्कोर, 50+ रन के किए थे।
इस मामले में स्मिथ और वॉ से आगे सिर्फ रिकी पोंटिंग (103) और एलन बॉर्डर (90) हैं।
इतिहास
स्टार्क ने रचा इतिहास
स्टार्क ने बांग्लादेश की पारी का पहला विकेट लेते ही इतिहास रच दिया। वह टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज बने।
उन्होंने इस मामले में श्रीलंका के पूर्व स्पिनर रंगना हेराथ का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 433 विकेट लिए थे।
इस सूची में अन्य गेंदबाज वसीम अकरम और डेनियल विटोरी हैं।
अकरम ने 104 टेस्ट में 414 विकेट चटकाए थे। पूर्व स्पिनर विटोरी ने 113 टेस्ट में 362 विकेट अपने नाम किए थे।