Page Loader
पहला वनडे: पथुम निसांका ने भारत के खिलाफ जड़ा दूसरा अर्धशतक, जानिए आंकड़े
पथुम निसांका ने खेली अर्धशतकीय पारी (तस्वीर: एक्स/@OfficialSLC)

पहला वनडे: पथुम निसांका ने भारत के खिलाफ जड़ा दूसरा अर्धशतक, जानिए आंकड़े

Aug 02, 2024
05:01 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय (56) पारी खेली। यह उनके वनडे क्रिकेट करियर का 14वां और भारत के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 67 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी के कारण ही श्रीलंका की टीम मैच में सम्मानजनक स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही निसांका की पारी और साझेदारी?

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम की शुरुआत खराब रही और 7 रन पर उसे पहला झटका लग गया। इसके बाद निसांका ने अन्य बल्लेबाजों के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां कर टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। इसके बाद वह वाशिंगटन सुंदर की एक सटीक गेंद पर LBW आउट होकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में संयमित बल्लेबाजी करते हुए 75 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 56 रन बनाए।

करियर

कैसा रहा है निसांका का वनडे करियर?

निसांका ने साल 2021 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे क्रिकेट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 56 मैच में लगभग 45 की औसत और 90.48 की स्ट्राइक रेट से 2,281 रन अपने नाम कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 14 अर्धशतक के अलावा 6 शतक भी जड़े हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 210 रन का रहा है। वह इस प्रारूप में दोहरा शतक जड़ने वाले श्रीलंका के एकमात्र बल्लेबाज हैं।