IPL 2027 की नीलामी के लिए 1,220 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन, ऑस्ट्रेलिया के 53 नाम शामिल
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के लिए 16 दिसंबर को गोवा में नीलामी का आयोजन होना है। इस छोटी नीलामी के लिए कुल 1,220 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से जारी सूची में 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। IPL 2027 की अंतिम नीलामी सूची 4 दिसंबर को जारी की जाएगी। ऐसे में इस सूची में और बदलाव की गुंजाइश है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
खिलाड़ी
ऑस्ट्रेलिया के 53 खिलाड़ियों ने कराया है रजिस्ट्रेशन
जारी की गई सूची के अनुसार, नीलामी के लिए रजिस्टर में 184 कैप्ड, 994 अनकैप्ड और एसोसिएट देशों के 42 खिलाड़ी शामिल हैं।
विदेशी खिलाड़ियों की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के सबसे ज्यादा 53 नाम हैं।
इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के 40, वेस्टइंडीज के 36 और न्यूजीलैंड के 25 खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए अपना नाम दर्ज कराया है।
इसी तरह बांग्लादेश के 12 खिलाड़ियों ने भी रजिस्ट्रेशन कराया है।
वर्गीकरण
खिलाड़ियों को इन 6 श्रेणियों में रखा गया है
पहली श्रेणी में 14 कैप्ड भारतीय खिलाड़ी और दूसरी श्रेणी में 170 कैप्ड अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं।
तीसरी श्रेणी में एसोसिएट देशों के 42 खिलाड़ी रखे गए हैं।
चौथी श्रेणी में 127 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी हैं, जो पहले IPL के किसी सीजन में खेल चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल सके हैं।
पांचवीं श्रेणी में सर्वाधिक 798 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी हैं।
छठी और आखिरी श्रेणी में 69 अनकैप्ड अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं।
नीलामी
नीलामी में होंगे 25 विदेशी खिलाड़ियों के स्लॉट
नीलामी से पहले सभी टीमों ने कुल 184 खिलाड़ियों को रिटेन किया था, जिनमें 55 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।
फ्रेंचाइजियों ने कुल मिलाकर 1,002.05 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, और अब नीलामी के लिए उनके पास कुल 297.95 करोड़ रुपये की राशि बची है।
10 टीमों में अभी भी 66 खिलाड़ियों की जगह खाली है, जिसमें 25 विदेशी खिलाड़ियों के स्लॉट भी शामिल हैं।
ऐसे में फ्रेंचाइजियों के पास अपनी टीमों को दुरुस्त करने के और भी मौके होंगे।
स्टोक्स
स्टोक्स ने भी दर्ज कराया है अपना नाम
क्रिकबज के अनुसार, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स उन 30 खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने 2 करोड़ रुपये की अधिकतम बेस प्राइस चुनी है।
वह आखिरी बार इस लीग में 2023 में खेलते हुए नजर आए थे।
उनके साथी खिलाड़ी रहे सैम बिलिंग्स ने भी अपना नाम रजिस्टर कराया है।
ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर ने भी 2 करोड़ के बेस प्राइस पर अपना नाम दर्ज कराया है। हालांकि, उनके बिकने की कम संभावना है।