10 बार के WWE चैंपियन ब्रॉक लेसनर ने लिया संन्यास, शानदार करियर का हुआ अंत
क्या है खबर?
WWE के दिग्गज और 10 बार के चैंपियन ब्रॉक लेसनर ने पेशेवर रेसलिंग से संन्यास की घोषणा कर दी है। 49 वर्षीय लेसनर ने मंगलवार को 'द पैट मैकएफी शो' में कहा कि शनिवार को WWE समरस्लैम में उनका मुकाबला उनके करियर का आखिरी मैच था। उन्होंने बताया कि रेसलमेनिया के दौरान ही उन्हें लगा कि अब उनका सफर खत्म हो गया है, पिछले सप्ताह हुए हेल इन ए सेल मुकाबले के साथ उन्होंने करियर के समापन का फैसला किया।
बयान
संन्यास को लेकर लेसनर ने क्या कहा?
लेसनर ने कहा, "मैं आज दुनिया को बताने आया हूं कि मैंने संन्यास ले लिया है। शनिवार मेरे लिए बेहद भावुक दिन था। रेसलमेनिया में जब ओबा फेमी ने मुझे पटक दिया था, तभी मुझे लगा था कि अब मैं यह नहीं कर सकता और मेरा सफर खत्म हो गया है। हालांकि, इस खेल ने मुझे एक आखिरी मौका दिया और मुझमें थोड़ी ऊर्जा बाकी थी। शनिवार का मुकाबला मेरे लिए आखिरी था। मेरा सफर यहीं समाप्त होता है।"
आगाज
WWE में ऐसे शुरू हुआ था लेसनर का सफर
लेसनर ने साल 2000 में मिनेसोटा विश्वविद्यालय के लिए खेलते हुए NCAA डिवीजन-1 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप अपने नाम की थी।
वह 2 बार ऑल-अमेरिकन और 2 बार बिग टेन चैंपियन भी रहे।
इसके बाद उन्होंने पेशेवर रेसलिंग में कदम रखा। अपने दमदार 'एफ-5' फिनिशिंग मूव के दम पर उन्होंने 2002 में WWE में शामिल होने के महज दूसरे साल, द रॉक को हराकर पहला WWE विश्व खिताब जीता।
बाद में उन्होंने कुल 10 विश्व चैंपियनशिप अपने नाम कीं।
मशहूर
लेसनर ने हासिल की ये उपलब्धि
लेसनर ने 2003 और 2022 में 2 बार रॉयल रंबल जीता, 2002 में किंग ऑफ द रिंग टूर्नामेंट अपने नाम किया और 2019 में मनी इन द बैंक लैडर मैच में जीत दर्ज की।
साल 2014 में उन्होंने रेसलमेनिया मुकाबलों में अंडरटेकर की 21-0 की लगातार जीत के रिकॉर्ड को तोड़ा।
2007 में लेसनर ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में कदम रखकर सभी को चौंका दिया। उन्होंने 2008 में रैंडी कॉउचर को हराकर UFC हेवीवेट चैंपियनशिप अपने नाम कर ली थी।
धन्यवाद
किसान परिवार के बच्चे थे लेसनर
लेसनर ने आगे कहा, "मैं साउथ डकोटा का एक साधारण किसान परिवार का बच्चा था, जिसके पास बड़ा सपना, बड़ा दिल और खुद को साबित करने का जुनून था। मैं आभारी हूं कि 49 साल तक मुझे वह सब करने का मौका मिला जो मैंने इस जीवन में किया। मैं भगवान और उन सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने मेरा साथ दिया। मैं भी कभी बच्चा था, जिसकी जेब में कुछ पैसे थे, लेकिन मेरे बड़े सपने थे।"