LOADING...
यूट्यूब का पहला वीडियो लंदन म्यूजियम कलेक्शन में हुआ शामिल, 2006 का इंटरफेस भी दोबारा बना
लंदन के म्यूजियम में रखा गया यूट्यूब का पहला वीडियो

यूट्यूब का पहला वीडियो लंदन म्यूजियम कलेक्शन में हुआ शामिल, 2006 का इंटरफेस भी दोबारा बना

Feb 19, 2026
06:23 pm

क्या है खबर?

यूट्यूब के पहले वीडियो को अब एक संग्रहालय के कलेक्शन में शामिल कर लिया गया है। लंदन के वी एंड ए म्यूजियम ने साल 2006 में जैसा यूट्यूब दिखता था, उसी पुराने रूप को दोबारा तैयार करके अपने पास रखा है। यानी उस समय की वेबसाइट का डिजाइन, वीडियो चलाने वाला प्लेयर फिर से उसी तरह बनाया गया है। यह कदम इंटरनेट और डिजिटल डिजाइन की शुरुआती यादों को सुरक्षित रखने की बड़ी कोशिश का हिस्सा है।

इंटरफेस

कैसा है 2006 का यह इंटरफेस?

यह डिस्प्ले इंटरनेट आर्काइव के कोड और एडोब फ्लैश तकनीक की मदद से तैयार किया गया है। इसका मकसद शुरुआती वेब 2.0 दौर के 'वॉच' पेज अनुभव को फिर से जीवित करना है। इसमें वीडियो शेयर, रेटिंग और रिकमेंड जैसे फीचर दिखाए गए हैं, जो उस समय नए माने जाते थे। यह वही दौर था जब आम लोग वीडियो बनाकर अपलोड करने लगे थे और ऑनलाइन क्रिएटर संस्कृति की शुरुआत हुई थी।

पहला वीडियो

'मी ऐट द जू' भी है शामिल

इस संग्रह में यूट्यूब का पहला वीडियो 'मी ऐट द जू' भी शामिल है। यह 19 सेकंड का छोटा क्लिप था, जिसे 24 अप्रैल, 2005 को को-फाउंडर जावेद करीम ने अपलोड किया था। वीडियो साधारण अंदाज में बनाया गया था, लेकिन इसी से व्लॉगिंग की शुरुआत मानी जाती है। बाद में गूगल ने 2006 में यूट्यूब को 1.6 अरब डॉलर (आज के करीब 145 अरब रुपये) में खरीद लिया और यह दुनिया की सबसे लोकप्रिय वेबसाइट्स में शामिल हो गया।

Advertisement

कोशिश

डिजिटल विरासत को बचाने की कोशिश

वी एंड ए म्यूजियम का कहना है कि यह खरीद सिर्फ एक वीडियो को दिखाने के लिए नहीं है, बल्कि पूरे डिजिटल अनुभव को समझाने के लिए है। यह दिखाता है कि इंटरनेट ने आज की विजुअल दुनिया और क्रिएटर इकॉनमी को कैसे आकार दिया। यह इंटरैक्टिव पुनर्निर्माण अब म्यूजियम की 'डिजाइन 1900-नाउ' गैलरी में प्रदर्शित किया जा रहा है। विशेषज्ञ मानते हैं कि ऐसे कदम भविष्य में डिजिटल विरासत को सुरक्षित रखने में मदद करेंगे।

Advertisement