यूट्यूब ने पेश की शॉर्ट्स वीडियो बंद करने की सुविधा, जानिए क्या है प्रक्रिया
क्या है खबर?
वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेफॉर्म यूट्यूब ने आखिरकार यूजर्स को ऐप से शॉर्ट वीडियो को पूरी तरह से हटाने का विकल्प दे दिया है, जिससे वे उन शॉर्ट वीडियो से छुटकारा पा सकते हैं, जिन्हें कंपनी ने 2020 में जोड़ा था। कंपनी ने चुपचाप गूगल के एक सपोर्ट पेज में बदलाव करके यह नया विकल्प जोड़ा है, जिसमें ऐप पर शॉर्ट वीडियो को हटाने के बारे में विस्तृत गाइड दी गई है। यह नया विकल्प शॉर्ट्स फीड लिमिट सेटिंग का विस्तार है।
लिमिट
शॉर्ट्स फीड लिमिट फीचर में पेश की सुविधा
शॉर्ट्स फीड लिमिट फीचर में यूजर्स टाइमर को कम से कम 15 मिनट तक ही सेट कर सकते थे, लेकिन अब इसे शून्य पर सेट करने की अनुमति मिल गई है। इस सुविधा को शुरू करने का उद्देश्य बच्चों में शॉर्ट्स वीडियो देखने की बढ़ती लत को कम करना है। द वर्ज ने यूट्यूब के प्रवक्ता के हवाले से बताया है कि शॉर्ट फीड की सीमा को शून्य पर सेट करने का विकल्प सभी अभिभावकों के लिए उपलब्ध है।
मैसेज
ऐप खोलने पर मिलेगा अलर्ट
नई सेटिंग चालू करने के बाद शॉर्ट्स टैब में कोई वीडियो नहीं दिखेगा और यूजर्स को एक सूचना मिलेगी, जिसमें बताया जाएगा कि आप अपनी सीमा तक पहुंच चुके हैं। इस अलर्ट के बाद भी कोई वीडियो देखना चाहता है तो इसमें कोई रुकावट नहीं आएगी। गूगल फैमिली लिंक से जुड़े बच्चों के अकाउंट के लिए टाइमर बंद नहीं किया जा सकता। अगर, माता-पिता शॉर्ट्स टाइमर को शून्य पर सेट करते हैं तो उनके बच्चे कोई वीडियो नहीं देख पाएंगे।
तरीका
इस तरह चालू कर सकते हैं सुविधा
शॉर्ट्स बंद करने के लिए फोन या किसी अन्य डिवाइस पर यूट्यूब ऐप खोलें। इसके बाद नीचे दाएं कोने में मौजूद 'यू' टैब पर टैप करें और फिर 'सेटिंग्स' आइकन पर क्लिक करें। फिर, 'टाइम मैनेजमेंट डैशबोर्ड' आइकन पर क्लिक करने के बाद 'शॉर्ट्स फीड लिमिट' पर टैप करें। अगर, आपको यह फीचर मिल चुका है तो शॉर्ट्स की लिमिट शून्य पर सेट करने का विकल्प दिखाई देगा। उस पर क्लिक करें इसके बाद शॉर्ट्स फीड दिखना बंद हो जाएगा।