आप क्या देखते हैं यह ट्रैक कर रहा आपका स्मार्ट टीवी, कैसे करें इसे बंद?
क्या है खबर?
आजकल स्मार्ट टीवी सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है, बल्कि यह यूजर्स के देखने के तरीके को भी समझने लगा है। कई मॉडर्न टीवी में ACR यानी ऑटोमेटेड कंटेंट रिकग्निशन फीचर होता है। यह स्क्रीन पर चल रहे वीडियो या ऑडियो को पहचान सकता है। चाहे आप कोई ऐप, केबल या दूसरी डिवाइस से कंटेंट देखें, टीवी उसे ट्रैक कर सकता है और आपकी देखने की आदतों का डेटा इकट्ठा करता रहता है।
ACR
ACR कैसे काम करता है और क्यों जरूरी है?
ACR फीचर टीवी पर चल रहे कंटेंट को डिजिटल सिग्नल के जरिए पहचानता है और उसे पहले से मौजूद डाटा से मिलाता है। इससे यह पता चलता है कि यूजर क्या देख रहा है। यह डाटा कंपनियों के लिए बहुत कीमती होता है, क्योंकि इससे वे बेहतर सुझाव और विज्ञापन दिखा पाती हैं। हालांकि, कई बार यूजर्स को पता भी नहीं होता कि यह फीचर चालू है और उनका डाटा लगातार रिकॉर्ड भी हो रहा है।
चिंता
प्राइवेसी को लेकर क्यों बढ़ रही चिंता?
ACR को लेकर सबसे बड़ी चिंता यूजर्स की प्राइवेसी है। यह फीचर अक्सर डिफॉल्ट रूप से चालू रहता है, जिससे बिना जानकारी के डाटा इकट्ठा होता रहता है। यूजर्स को यह समझ नहीं आता कि कैसे उनका स्मार्ट टीवी उनकी हर गतिविधि पर नजर रख रहा है। इससे यह सवाल उठता है कि क्या कंपनियों को इतना डेटा इकट्ठा करना चाहिए और यूजर्स की निजी जानकारी कितनी सुरक्षित है।
तरीका
ACR बंद करने का तरीका और सावधानी
यूजर्स चाहें तो ACR फीचर को सेटिंग्स में जाकर बंद कर सकते हैं, हालांकि यह ऑप्शन प्राइवेसी सेटिंग में छिपा होता है। अलग-अलग ब्रांड में इसका नाम अलग हो सकता है, जैसे लाइव प्लस या व्यूइंग डाटा। इसे बंद करने से टीवी आपकी गतिविधि को ट्रैक नहीं करेगा। नया टीवी खरीदने के बाद प्राइवेसी सेटिंग जरूर चेक करनी चाहिए, ताकि आपका डेटा सुरक्षित रहे और अनचाही ट्रैकिंग से बचा जा सके।