मेटा के चश्मे से बिना इजाजत वीडियो बनाया तो इंस्टाग्राम अकाउंट हो सकता है ब्लॉक
क्या है खबर?
मेटा ने ऐसे इंस्टाग्राम अकाउंट्स के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है, जो उसके स्मार्ट ग्लास का इस्तेमाल करके लोगों की बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्डिंग करते हैं और फिर उसे सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे कई अकाउंट्स को हटाया या बंद किया गया है। कंपनी का कहना है कि लोगों की निजता और सुरक्षा से समझौता करने वाला कंटेंट उसके नियमों के खिलाफ है और उस पर लगातार सख्त कदम उठाए जाएंगे।
कार्रवाई
बिना अनुमति वीडियो पोस्ट करने पर हटेगा कंटेंट
इंस्टाग्राम प्रमुख ने साफ कहा है कि अगर कोई व्यक्ति लोगों को परेशान करने, उनका फायदा उठाने या उनकी जानकारी के बिना वीडियो बनाकर पोस्ट करता है, तो ऐसा कंटेंट तुरंत हटाया जाएगा।
कंपनी का कहना है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल किसी को असहज करने या उसकी निजता का उल्लंघन करने के लिए नहीं होना चाहिए। ऐसे मामलों में संबंधित अकाउंट के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
अकाउंट
कई अकाउंट हुए बंद
ऐसे कुछ चर्चित अकाउंट भी बंद किए गए हैं, जो सार्वजनिक जगहों पर लोगों, खासकर महिलाओं की बिना जानकारी रिकॉर्डिंग कर रहे थे।
इसके अलावा, मेटा ने अपने स्मार्ट ग्लास में नया सॉफ्टवेयर अपडेट भी जारी किया है। अगर रिकॉर्डिंग दिखाने वाली LED लाइट से कोई छेड़छाड़ करने की कोशिश करेगा, तो कैमरा अपने आप काम करना बंद कर देगा।
कंपनी का मानना है कि इससे चोरी-छिपे रिकॉर्डिंग करने की घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकेगी।
सुरक्षा
निजता की सुरक्षा पर कंपनी का बढ़ा जोर
स्मार्ट ग्लास जैसी नई तकनीक का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ होना चाहिए। कंपनी लगातार ऐसे उपाय कर रही है, जिससे लोगों की निजी जानकारी और उनकी गोपनीयता सुरक्षित रह सके।
हालांकि, रिकॉर्डिंग की LED लाइट हमेशा आसानी से दिखाई नहीं देती, फिर भी कंपनी का मानना है कि नए बदलावों से गलत इस्तेमाल को काफी हद तक रोका जा सकेगा और प्लेटफॉर्म अधिक सुरक्षित बनेगा।
नियमों का उल्लंघन करने वाले अकाउंट्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी।