LOADING...
OpenAI के खिलाफ xAI का मुकदमा खारिज, जानिए क्या है मामला
अमेरिकी न्यायाधीश ने OpenAI के खिलाफ xAI का मुकदमा खारिज कर दिया

OpenAI के खिलाफ xAI का मुकदमा खारिज, जानिए क्या है मामला

Feb 25, 2026
02:07 pm

क्या है खबर?

कैलिफोर्निया की एक संघीय न्यायाधीश ने एलन मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप xAI की ओर से दायर मुकदमे को खारिज कर दिया है। इसमें प्रतिद्वंद्वी सैम ऑल्टमैन की OpenAI पर उसके व्यापारिक रहस्यों की चोरी करने का आरोप लगाया गया था। सैन फ्रांसिस्को की अमेरिकी जिला न्यायाधीश रीटा लिन ने कहा कि xAI अपना मामला दोबारा दायर कर सकती है, लेकिन फिलहाल वह ChatGPT निर्माता द्वारा किसी भी प्रकार के कदाचार का आरोप साबित करने में विफल रही है।

आदेश 

xAI ने पेश नहीं किया आरोपों के सबूत

न्यायाधीश लिन ने कहा, "OpenAI के आचरण के बारे में कोई आरोप नहीं हैं।" उन्होंने आगे कहा, "xAI ने ऐसा कोई तथ्य नहीं बताया है, जिससे यह संकेत मिले कि OpenAI ने उसके पूर्व कर्मचारियों को xAI के व्यापारिक रहस्य चुराने के लिए उकसाया हो या इनका इस्तेमाल किया हो।" इसको लेकर OpenAI ने कहा, "हम अदालत के फैसले का स्वागत करते हैं। यह निराधार मुकदमा एलन मस्क के उत्पीड़न के निरंतर अभियान का एक और हिस्सा मात्र था।"

मामला 

क्या था यह मामला?

सितंबर में दायर मुकदमे में दावा किया था कि xAI के पूर्व कर्मचारी OpenAI में नौकरी के लिए जाते समय उसके ग्रोक चैटबॉट से संबंधित सोर्स कोड और अन्य गोपनीय जानकारी चुरा ले गए। सुनवाई करते हुए लिन ने जनवरी में दिए अपने फैसले में संकेत दे दिया था कि वह सैम ऑल्टमैन की कंपनी के पक्ष में फैसला सुनाएंगी। इसी आरोप में कंपनी ने अपने पूर्व इंजीनियर जुचेन ली के खिलाफ भी अलग से मुकदमा दायर किया था।

Advertisement