एक्स का नया एंड्रोयड ऐप तेज परफॉर्मेंस, अपडेटेड डिजाइन और नए फीचर्स के साथ लॉन्च
क्या है खबर?
एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने एंड्रोयड ऐप का नया वर्जन लॉन्च किया है। अपडेट किया गया ऐप अब गूगल प्ले स्टोर के जरिए दुनियाभर में उपलब्ध है। इसमें स्पीड, स्क्रॉलिंग, नोटिफिकेशन और विश्वसनीयता में सुधार किए गए हैं। ऐप को धीरे-धीरे अपडेट करने के बजाय शुरू से नए सिरे से बनाया गया है। नए आर्किटेक्चर का मकसद लंबे समय से चली आ रही परफॉर्मेंस से जुड़ी समस्याओं को दूर करना और नए फीचर लाना आसान बनाना है।
अपडेट
भविष्य के फीचर्स के लिए किया अपडेट
एक्स के उत्पाद प्रमुख निकिता बियर ने इस उत्पाद को कंपनी के सबसे बड़े इंजीनियरिंग पहल में से एक बताया।
उन्होंने कहा कि रीडिजाइन किया गया ऐप बेहतर नेविगेशन, तेजी से लोड होने की क्षमता और बेहतर प्रतिक्रिया देता है।
साथ ही भविष्य में तेजी से नए फीचर्स लाने की नींव भी रखता है। यह बदलाव इसलिए भी किया गया है क्योंकि पिछले एक साल से एंड्रोयड यूजर्स को लगातार कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
फीचर
ऐप में मिलेंगी ये सुविधाएं
यह ऐप अब उपलब्ध है, लेकिन कुछ काम अभी भी चल रहा है। कंपनी पुराने एंड्रोयड स्मार्टफोन पर परफॉर्मेंस को और बेहतर बनाने और अपने लाइव ऑडियो फीचर 'स्पेस' के लिए सपोर्ट जोड़ने की योजना बना रही है।
आने वाले अपडेट में एंड्रोयड पर कई और फीचर भी आने की उम्मीद है। इनमें नया वीडियो एडिटर, वीडियो रिएक्शन, कैशटैग और कस्टम टाइमलाइन शामिल हैं।
यह एक्स मनी और एक्स चैट सेवाओं के हालिया विस्तार के साथ भी मेल खाता है।