एक्स पर आपकी पोस्ट पर अजनबियों के बजाय दोस्तों के जवाब ज्यादा दिखेंगे
क्या है खबर?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने अपने एल्गोरिदम में बदलाव किया है। इससे आपको फाॅलाेअर्स और आपके करीबी लोगों की पोस्ट और रिप्लाई ज्यादा दिखाई देगी। इसका मकसद अनजान लोगों को कम दिखाकर प्लेटफॉर्म पर बातचीत को कम आक्रामक बनाना है। इस बदलाव की घोषणा एक्स के उत्पाद प्रमुख निकिता बियर ने की। इस बदलाव से प्लेटफॉर्म का लुक या अनुभव पूरी तरह नहीं बदलेगा, लेकिन इससे रिप्लाई सेक्शन में थोड़ी कम अफरा-तफरी होगी।
परेशानी
ज्यादा देखते थे अनजान लोगों के जवाब
बियर ने अपनी पोस्ट में बताया कि प्लेटफॉर्म ने देखा कि एल्गोरिदम में म्यूचुअल कनेक्शन का डाटा शामिल नहीं था, जिसका मतलब था कि आपके रिप्लाई सेक्शन में आपके दोस्तों की पोस्ट कम दिख रही थीं।
उन्होंने लिखा, "इस वजह से रिप्लाई सेक्शन ऐसा लगने लगा था जैसे यह अनजान लोगों के बीच कोई जंग का मैदान हो।"
यह बदलाव छोटा है, लेकिन इससे जिस समस्या का समाधान हो रहा है, उसे शायद बहुत से यूजर्स पहचानते होंगे।
फायदा
एक जैसी रुचि वाले लोगों में बढ़ेगा जुड़ाव
पहले ऐसे अकाउंट्स के रिप्लाई की बाढ़ आ जाती थी, जिनसे आपने कभी बातचीत नहीं की है, लेकिन अब आपको उन लोगों के रिप्लाई ज्यादा दिखेंगे, जिन्हें आप असल में जानते हैं और फॉलो करते हैं।
बियर ने यह भी कहा कि इस बदलाव से समान रुचियों वाले लोगों के बीच कम्युनिटीज आसानी से बन पाएंगी।
उन्होंने लिखा, "इससे रुचियों के आधार पर ग्रुप्स आसानी से बन पाएंगे, जिसकी मांग कई लोगों ने की थी।"