एक्स ने iOS के लिए लॉन्च किया अलग एक्सचैट ऐप, जानिए क्या-क्या मिलेगी सुविधा
क्या है खबर?
एलन मस्क का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) का स्वतंत्र मैसेजिंग ऐप एक्सचैट आम यूजर्स के लिए लॉन्च हो गया। शुरुआत में यह iOS डिवाइस पर उपलब्ध होगा। यह नया ऐप यूजर्स को अपने एक्स काॅन्टैक्ट्स से मैसेजिंग, फाइल शेयरिंग, ऑडियो और वीडियो कॉल के साथ-साथ ग्रुप चैट के लिए जुड़ने की सुविधा देता है। कंपनी ने फीडबैक लेने के लिए इस साल की शुरुआत में बीटा यूजर्स के एक छोटे समूह के साथ इसका सार्वजनिक परीक्षण शुरू किया था।
गोपनीयता
गोपनीयता का भी रखा गया है ध्यान
एक्सचैट ऐप मैसेजिंग और कॉलिंग के साथ-साथ अन्य ऐसी सुविधाएं भी प्रदान करता है, जो गोपनीयता को सुरक्षित रखने का दावा करती हैं। इनमें चैट में सभी के लिए मैसेज को एडिट और हटाने की क्षमता, गायब होने वाले मैसेज की सुविधा और स्क्रीनशॉट ब्लॉक करने की क्षमता शामिल है। एक्स का दावा है कि ऐप में कोई विज्ञापन या ट्रैकिंग तंत्र नहीं है। कंपनी का यह भी दावा है कि सभी मैसेज एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड और पिन से सुरक्षित हैं।
बदलाव
नए ऐप के जरिए रणनीतिक बदलाव
यह ऐप कंपनी की रणनीतिक दृष्टि का एक अहम हिस्सा है, जिसके तहत वह इस सोशल नेटवर्क को मैसेजिंग या पेमेंट जैसी अन्य सेवाओं के लिए एक लॉन्चपैड के रूप में देखती है। एक्स का अपने प्लेटफॉर्म के एक हिस्से से अलग होकर अपना खुद का अलग ऐप बनाने का फैसला मस्क की उस पिछली योजना से हटकर है। जिसमें एक्स पर मैसेजिंग, पेमेंट, क्रिएटर कंटेंट, शॉपिंग, AI और अन्य सर्विसेज तक एक ही जगह से पहुंच प्रदान करनी थी।