एक्स ने ऑटोमेशन का पता लगाने के शुरू किए उपाय, यह कैसे करेगा काम
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क के नेतृत्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) ने स्पैम और ऑटोमेशन का पता लगाने के उपाय शुरू कर दिए हैं। यह घोषणा कंपनी की उत्पाद प्रमुख निकिता बियर ने की है, जिन्होंने डेवलपर्स को प्लेटफॉर्म से डाटा निकालने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग करने के बारे में चेतावनी दी। प्लेटफॉर्म ने लागू किए जा रहे आक्रामक पहचान उपायों के पीछे के कारणों को स्पष्ट नहीं किया है।
तरीका
ऑटोमेशन का पता लगने पर अकाउंट हो जाएगा बंद
बियर ने एक पोस्ट में लिखा "हम ऑटोमेशन और स्पैम का पता लगाने के लिए और भी कई तरीके अपना रहे हैं। अगर, कोई व्यक्ति स्क्रीन पर टैप नहीं कर रहा है तो उसके साथ-साथ उससे जुड़े सभी अकाउंट निलंबित किए जा सकते हैं।" उन्होंने आगे कहा, "हम एजेंट्स के वैध उपयोग के मामलों का समर्थन करने का लक्ष्य रखते हैं, लेकिन इसमें कुछ समय लगेगा। फिलहाल, हम आपको अपने बॉट्स को प्लग-इन करने से रोकने की सलाह देते हैं।"
चेतावनी
कंपनी ने यूजर्स को दी चेतावनी
एक पोस्ट के जवाब में बियर ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की डाटा स्क्रैपिंग को प्लेटफॉर्म द्वारा पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने लिखा, "आप आधिकारिक API का जितना चाहें उतना उपयोग करें, लेकिन किसी भी प्रकार की ऑटोमेशन डाटा स्क्रैपिंग या सर्च को वर्तमान में पकड़ लिया जाएगा।" कुछ ही दिन पहले बियर ने ओपनक्लॉ के कारण जीमेल और आईमैसेज जैसे मौजूदा संचार प्लेटफाॅर्म्स के लिए उत्पन्न खतरे के बारे में चेतावनी दी थी।