एक्स ने क्लिकबेट से भरपूर अकाउंट्स की कमाई में की कटौती, जानिए ऐसा क्यों किया
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने कमाई के तरीकों में बदलाव कर दिया है। इससे समाचार और कंटेंट के प्रसार का तरीका पूरी तरह से बदल सकता है। प्लेटफॉर्म ने उन अकाउंट्स को किए जाने वाले भुगतान में कटौती की है, जो क्लिकबेट और खबरों को इकट्ठा करके टाइमलाइन को भर रहे हैं। प्रोडक्ट हेड निकिता बियर के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य असली कंटेंट को बढ़ावा देना है और नए लेखकों को प्रोत्साहित करना है।
कारण
बदलाव के पीछे बताया यह कारण
प्रोडक्ट हेड निकिता बियर ने कहा, "यह बात बिल्कुल स्पष्ट हो गई है हर दिन 100 चोरी किए गए रीपोस्ट और क्लिकबेट से टाइमलाइन को भर देने से असली क्रिएटर्स को जगह नहीं मिल पा रही थी और नए लेखकों को नुकसान पहुंच रहा था।" उन्होंने आगे कहा, "एक्स कभी भी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता या पहुंच का उल्लंघन नहीं करेगा, लेकिन हम कार्यक्रम या हमारे यूजर्स के साथ धोखाधड़ी के लिए मुआवजा नहीं देंगे।"
कटौती
कितनी होगी कमाई में कटौती?
प्रोडक्ट हेड के अनुसार, जो अकाउंट बड़ी मात्रा में किसी का दोबारा तैयार किया गया कंटेंट प्रकाशित करते हैं या हर खबर को 'ब्रेकिंग न्यूज' बनाकर डालते हैं, उनके भुगतान में कटौती की जा रही है। उन्होंने आगे कहा, "सभी एग्रीगेटर्स के भुगतान में इस चक्र में 60 फीसदी की कटौती की गई और अगले चक्र में 20 फीसदी की और कटौती होगी।" प्लेटफॉर्म अब ज्यादा लोगों तक पहुंच प्राप्त करने वालों की जगह असली कंटेंट वालों को प्रोत्साहित करेगी।