एक्स ने बदले मोनेटाइजेशन नियम, दूसरों के वीडियो रीपोस्ट कर कमाई करना होगा मुश्किल
क्या है खबर?
सोशल मीडिया कंपनी एक्स मोनेटाइजेशन से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव कर रही है। अब प्लेटफॉर्म पर किसी दूसरे का वीडियो या वायरल कंटेंट शेयर करके क्रिएटर्स पहले की तरह आसानी से पैसा नहीं कमा सकेंगे। कंपनी का कहना है कि इस बदलाव का मकसद असली कंटेंट बनाने वालों को ज्यादा फायदा पहुंचाना है। एक्स पर लंबे समय से ऐसे अकाउंट्स की शिकायत मिल रही थी जो दूसरों के कंटेंट से व्यूज और कमाई जुटा रहे थे।
फायदा
असली क्रिएटर को मिलेगा ज्यादा फायदा
कंपनी ने बताया कि कई बड़े अकाउंट्स छोटे क्रिएटर्स का कंटेंट दोबारा पोस्ट करके रेवेन्यू शेयर प्रोग्राम का फायदा उठा रहे थे। अब एक्स ऐसे पोस्ट्स की पहचान करेगा और ज्यादातर इंप्रेशन सीधे उसी अकाउंट को देगा जिसने कंटेंट पहली बार पोस्ट किया था। इससे ओरिजिनल क्रिएटर्स की पहुंच बढ़ेगी और उन्हें कमाई का बेहतर मौका मिलेगा। कंपनी का मानना है कि इससे प्लेटफॉर्म पर नया और अलग कंटेंट बनाने वालों को बढ़ावा मिलेगा।
फीचर
राय देने वालों के लिए फीचर रहेगा जारी
एक्स ने यह भी साफ किया है कि अगर कोई यूजर किसी वीडियो पर अपनी राय या जानकारी जोड़ना चाहता है तो वह ऐसा कर सकता है। इसके लिए कंपनी ने 'शेयर वीडियो' और 'कोट' जैसे फीचर इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इससे असली पोस्ट को सही क्रेडिट मिलेगा और कमेंट करने वाले यूजर को भी कुछ इंप्रेशन मिलते रहेंगे। कंपनी का कहना है कि मकसद बातचीत रोकना नहीं, बल्कि सही क्रेडिट देना है।
दिक्कत
तकनीकी दिक्कत भी जल्द होगी ठीक
कंपनी ने शेयर वीडियो फीचर से जुड़ी एक तकनीकी परेशानी को भी माना है। कुछ यूजर्स ने शिकायत की थी कि ज्यादा लंबा टेक्स्ट लिखने पर वीडियो पोस्ट में दिखने के बजाय लिंक बन जाता है। एक्स ने कहा है कि इस दिक्कत को जल्द ठीक किया जाएगा। कंपनी के मुताबिक नए बदलावों से प्लेटफॉर्म पर कॉपी किए गए कंटेंट की संख्या घटेगी और असली क्रिएटर्स को पहले से ज्यादा पहचान और कमाई मिल सकेगी।