एक्स ने काइली मैकरॉबर्ट्स को नियुक्त किया नया सुरक्षा प्रमुख, एक साल से खाली था पद
क्या है खबर?
एलन मस्क के स्वामित्व वाली सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) ने नए सुरक्षा प्रमुख की नियुक्ति की है।
सुरक्षा प्रमुख के पद से पिछले कार्यकारी के इस्तीफा देने के लगभग एक साल बाद एक नए प्रमुख को नियुक्त किया है।
बीते दिन (2 अप्रैल) कंपनी ने कहा कि उसने काइली मैकरॉबर्ट्स को सुरक्षा प्रमुख के पद पर पदोन्नत किया है और येल कोहेन को ब्रांड सुरक्षा और विज्ञापनदाता समाधान प्रमुख का पद दिया है।
काम
क्या काम करेंगे सुरक्षा प्रमुख?
एक्स के दोनों नए सुरक्षा प्रमुख प्लेटफॉर्म पर गलत कंटेंट को रोकने के लिए काम करेंगे।
उनके प्रमुख प्रयासों में विज्ञापनदाताओं को यह आश्वस्त करने का काम भी शामिल है कि प्लेटफॉर्म अभद्र भाषा या आतंकवादी कंटेंट का मोनेटाइजेशन नहीं करता है।
मस्क ने एक्स पर जब से अपना स्वामित्व स्थापित किया है, तब से सुरक्षा प्रमुख का पद विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण रहा है। मैकरॉबर्ट्स 2 साल से भी कम समय में यह पद संभालने वाली तीसरी प्रमुख हैं।
कर्मचारी
100 सुरक्षा कर्मचारियों को नियुक्त कर सकती है कंपनी
कंपनी ने इस साल की शुरुआत में कहा था कि उसने अपने सुरक्षा कर्मचारियों में से बहुत से लोगों को निकालने के बाद 100 नए सुरक्षा कर्मचारियों को नियुक्त करने की योजना बनाई है।
मैकरॉबर्ट्स के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन एक्स ने एक बयान में कहा, "एक्स में अपने कार्यकाल के दौरान, मैकरॉबर्ट्स ने लेबल के माध्यम से हमारे मॉडरेशन प्रथाओं में पारदर्शिता बढ़ाने, पासकी के साथ सुरक्षा में सुधार करने की पहल की है।"