LOADING...
एक्स ने प्रायोजित पोस्ट के लिए जोड़ा पेड पार्टनरशिप लेबल, जानिए क्या हाेगा फायदा
एक्स ने पेड पार्टनरशिप लेबल शामिल किया है

एक्स ने प्रायोजित पोस्ट के लिए जोड़ा पेड पार्टनरशिप लेबल, जानिए क्या हाेगा फायदा

Mar 03, 2026
10:22 am

क्या है खबर?

एक्स ने प्रायोजित पोस्ट के लिए इन-बिल्ट 'पेड पार्टनरशिप' लेबल पेश किया है, जिसे क्रिएटर्स पोस्ट पर लगाकर यह बता सकते हैं कि वह पोस्ट विज्ञापन हैं। इसके लिए उन्हें #ad हैशटैग लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह उनकी विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद कर सकता है, जिससे फॉलोअर्स को पता चलेगा कि किसी उत्पाद की सिफारिश उनकी अपनी राय है या कोई विज्ञापन है। यह सोशल मीडिया पर विज्ञापनों के लिए लेबल लगाने के नियमों का भी पालन करता है।

तरीका 

ऐसे काम करेगा यह लेबल 

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की उत्पाद प्रमुख निकिता बियर द्वारा घोषित इस फीचर में एक सरल टॉगल जोड़ा गया है। क्रिएटर्स पोस्ट पर एक नई 'कंटेंट डिस्क्लोज' सेटिंग को चालू कर सकेंगे, जिससे पोस्ट के कंटेंट के ठीक नीचे पेड पार्टनरशिप लेबल दिखाई देगा। अगर, क्रिएटर पोस्ट करते समय इस विकल्प का इस्तेमाल करना भूल गया हो तो बाद में भी यह लेबल लगाया जा सकता है। इससे पुराने स्पॉन्सर्ड पोस्ट को अपडेट करके अनुपालन मानकों को पूरा कर सकते हैं।

शुरुआत 

इंस्टाग्राम पर हुई थी इसकी शुरुआत 

यह विकल्प जोड़कर एक्स का उद्देश्य अनुपालन को सरल बनाना और प्रायोजित पोस्टों से संबंधित अस्पष्टता को कम करना है। इसी तरह के टैग कई सालों से इंस्टाग्राम जैसे अन्य प्लेटफॉर्म पर मौजूद हैं। इसकी शुरुआत 2017 में अमेरिकी संघीय व्यापार आयोग द्वारा इंफ्लुएंसर्स को चेतावनी देने के बाद हुई थी। इसमें उन्हें यह स्पष्ट रूप से बताने को कहा गया कि कोई पोस्ट किसी विज्ञापनदाता द्वारा प्रायोजित है या वह कंपनी किसी अन्य तरीके से उनका समर्थन करती है।

Advertisement